होम / पर्सनल फाइनेंस / होम लोन लेने वालों के लिए खुशखबरी! बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने घटाई ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस भी माफ
होम लोन लेने वालों के लिए खुशखबरी! बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने घटाई ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस भी माफ
अगर आप निकट भविष्य में घर खरीदने या नया होम लोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो बैंक ऑफ महाराष्ट्र का यह सीमित अवधि का ऑफर आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 53 minutes ago
अगर आप भी एक नया घर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो ये खबर आपके काम की हो सकती है. दरअसल, सरकारी क्षेत्र के बैंक ऑफ महाराष्ट्र (BoM) ने घर खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए सीमित अवधि का 'मॉनसून धमाका' ऑफर लॉन्च किया है. बैंक का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य ग्राहकों के लिए लोन की कुल लागत कम करना और उनकी मासिक EMI का बोझ घटाना है. ग्राहक बैंक के डिजिटल लोन एप्लिकेशन प्लेटफॉर्म के जरिए भी तेजी से आवेदन कर सकते हैं. तो आइए आपके इसके बारे में विस्तार से बताते हैं.
प्रोसेसिंग फीस और डॉक्यूमेंटेशन चार्ज भी पूरी तरह माफ
बैंक ने होम लोन की शुरुआती ब्याज दर घटाकर 7% सालाना कर दी है. इसके साथ ही प्रोसेसिंग फीस और डॉक्यूमेंटेशन चार्ज भी पूरी तरह माफ कर दिए गए हैं. बैंक द्वारा शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि उसने कार लोन की सालाना ब्याज दर भी घटाकर 7.45 प्रतिशत कर दी है. इससे ये दोनों उत्पाद उद्योग में सबसे कम ब्याज दर वाले ऑफर में शामिल हो गए हैं. बैंक का कहना है कि कम ब्याज दर और शुरुआती चार्ज माफ करने का मकसद ग्राहकों के लिए लोन लेने की कुल लागत और हर महीने की किस्त का बोझ कम करना है.
CIBIL स्कोर के आधार पर ब्याज दर
बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने CIBIL स्कोर के आधार पर होम लोन की ब्याज दरें तय की हैं.
CIBIL स्कोर वेतनभोगी गैर-वेतनभोगी
800 या अधिक 7.00% 7.10%
750-799 7.25% 7.35%
725-749 7.70% 7.80%
700-724 7.75% 7.95%
650-699 8.35% 8.55%
600-649 8.75% 8.95%
600 से कम 9.15% 9.65%
NTC / -1 से 05 7.70% 7.90%
किन ग्राहकों को मिलेगा 7% का फायदा?
7% की न्यूनतम ब्याज दर उन वेतनभोगी ग्राहकों के लिए है जिनका CIBIL स्कोर 800 या उससे अधिक है. साथ ही वे केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) अथवा सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में कार्यरत हों, उनका न्यूनतम मासिक सकल वेतन 50,000 रुपये हो और उनका आवेदन DSA के माध्यम से न आया हो.
बैंक ने स्पष्ट किया है कि होम लोन की ब्याज दरें RLLR (Repo Linked Lending Rate) से जुड़ी हैं. इसलिए समय-समय पर इनमें बदलाव संभव है. बैंक का मानना है कि कम ब्याज दर और शुरुआती शुल्क में छूट से ग्राहकों के लिए घर खरीदना पहले की तुलना में अधिक किफायती हो सकता है.
20 लाख और 50 लाख के होम लोन पर कितनी होगी EMI?
उदाहरण के तौर पर यदि कोई ग्राहक 20 साल (240 महीने) के लिए होम लोन लेता है, तो अनुमानित मासिक EMI इस प्रकार होगी:
लोन राशि ब्याज दर अवधि अनुमानित मासिक EMI कुल ब्याज (लगभग)
20 लाख रुपये 7.00% 20 वर्ष ₹15,500 ₹17.2 लाख
50 लाख रुपये 7.00% 20 वर्ष ₹38,800 ₹43.1 लाख
नोट: EMI अनुमानित है. वास्तविक EMI बैंक की शर्तों, लोन अवधि और स्वीकृत ब्याज दर के अनुसार अलग हो सकती है.
टैग्स