होम / बिजनेस / क्या खत्म होगी ONDC पर मिलने वाली छूट? कंपनी के CEO ने दिया जवाब
क्या खत्म होगी ONDC पर मिलने वाली छूट? कंपनी के CEO ने दिया जवाब
भारत सरकार द्वारा निर्मित ONDC प्लेटफॉर्म थोड़े से वक्त में ही जबरदस्त हिट साबित हुआ है. इससे होने वाले ऑर्डर की संख्या लगातार बढ़ रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
ऑपेन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) पर ग्राहकों को मिलने वाली छूट को लेकर कई तरह की खबरें चल रही हैं. कहा जा रहा है कि ONDC से खाना मांगना जल्द ही महंगा हो जाएगा या फिर छूट को सीमित कर दिया जाएगा. अब ONDC के CEO ने स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा है कि ग्राहकों को मिलने वाली छूट इस साल के अंत तक जारी रहेगी. बता दें कि भारत सरकार द्वारा निर्मित ONDC प्लेटफॉर्म से खाना मंगाना Swiggy और Zomato जैसी कंपनियों से सस्ता पड़ता है, इसलिए ये प्लेटफॉर्म जबरदस्त हिट हो रहा है.
हर महीने होगी समीक्षा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ONDC के सीईओ T Koshy ने कहा कि ONDC से ऑर्डर पर छूट इस साल के अंत तक मिलती रहेगी. हम प्लेटफॉर्म के विस्तार की योजना पर काम कर रहे हैं. इसके लिए बजट मंजूर होते ही हर महीने करीब 2-3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. हम भविष्य में छूट को सीमित कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि डिस्काउंट स्कीम किसी फॉर्मूले पर आधारित नहीं है और हर महीने इसकी समीक्षा की जाएगी और यह नेटवर्क पर उपलब्ध सभी कैटेगरी के सामानों पर लागू होगा. अभी 98 फीसदी ट्रांजैक्शन फूड और ग्रॉसरी स्पेस में हो रहे हैं.
लगातार बढ़ रहे ट्रांजेक्शन
ONDC पर मार्च के आखिरी तक लगभग 1000 ट्रांजेक्शन हुए थे. ये संख्या अप्रैल के मध्य तक बढ़कर 5000 हुई और पिछले शनिवार-रविवार को ट्रांजेक्शन का आंकड़ा क्रमशः 25,000 और 20,000 पहुंच गया. ONDC प्लेटफॉर्म के जरिए रेस्टोरेंट्स थर्ड पार्टी के बिना ही कस्टमर्स को सीधे सामान बेच सकते हैं. इससे ग्राहक और रेस्टोरेंट दोनों का फायदा होता है. विक्रेता जहां कम कमीशन पर समान बेच सकता है, वहीं ग्राहकों को भी सस्ता सामान मिल जाता है. इस वजह से ONDC पर ट्रांजेक्शन बढ़ते जा रहे हैं.
कीमत में इतना है अंतर
ONDC को डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटर्नल ट्रेड द्वारा तैयार किया गया है. इसकी खास बात ये है कि स्विगी-जोमैटो जहां 25-30% कमीशन लेते हैं. वहीं, ONDC सिर्फ 3-5% चार्ज करता है. इसलिए इससे कुछ भी ऑर्डर करना सस्ता पड़ता है. लेकिन आने वाले समय में इस शुल्क को बढ़ाया भी जा सकता है. ONDC और स्विगी-जोमैटो के बीच कीमत का अंतर अभी 30-60% तक है. सोशल मीडिया पर ONDC से ऑर्डर किए गए बिल के स्क्रीनशॉट वायरल हो रहे हैं, जिसमें बताया गया है कि इस प्लेटफॉर्म से फूड ऑर्डर करना कितना सस्ता है.
टैग्स