होम / बिजनेस / आखिर ऐसा क्या हुआ कि Coffee Day के शेयरों में आ गई सुनामी?
आखिर ऐसा क्या हुआ कि Coffee Day के शेयरों में आ गई सुनामी?
शेयर बाजार में कॉफी डे एंडप्राइजेज के शेयर चर्चा का विषय बने हुए हैं. कंपनी के स्टॉक्स में आज बड़ी गिरावट आई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
शेयर बाजार गिरावट के बाद वापस तेजी के साथ कारोबार कर रहा है. लेकिन कॉफी डे एंडप्राइजेज (Coffee Day Enterprises) के शेयरों में सुनामी आई है. जबरदस्त बिकवाली के चलते कंपनी के शेयर आज शुरुआती कारोबार में 19% तक टूट गए थे. समय के साथ इसकी स्थिति में कुछ सुधार हुआ, लेकिन स्टॉक अभी भी लाल निशान पर ही कारोबार कर रहा है.
NCLT का आदेश है वजह
कॉफी डे एंडप्राइजेज के शेयरों में इस गिरावट की वजह है नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) का एक आदेश. NCLT ने कॉफी डे समूह की पेरेंट कंपनी कॉफी डे एंटरप्राइजेज लिमिटेड (CDEL) के खिलाफ दिवाला कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया है. ट्रिब्यूनल की बेंगलुरु बेंच ने आईडीबीआई ट्रस्टीशिप सर्विसेज लिमिटेड (IDBI TSL) की याचिका को स्वीकार करते हुए यह आदेश पारित किया.
भुगतान में हुई है चूक
आईडीबीआई ट्रस्टीशिप सर्विसेज लिमिटेड की याचिका में 228.45 करोड़ रुपए के भुगतान में चूक का दावा किया गया है. साथ ही कर्ज में डूबी कंपनी के संचालन की देखरेख के लिए एक अंतरिम समाधान पेशेवर की नियुक्ति की मांग की गई है. NCLT के याचिका स्वीकार करने का मतलब है कि कॉफी डे समूह की इस कंपनी को दिवालिया कार्यवाही का सामना करना होगा. इसी वजह से उसके शेयरों में सुनामी आई है.
384 से 40 रुपए तक
Coffee Day Enterprises एक रिसॉर्ट का संचालन करती है. इसके अलावा कंपनी परामर्श सेवाएं प्रदान करने के साथ कॉफी बीन्स के कारोबार में भी है. कॉफी डे एंटरप्राइजेज में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 8.21% है. कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट आ रही है. पिछले एक महीने में यह 25.06% टूटा है. फिलहाल 40 रुपए के भाव पर मिल रहे इस शेयर का 52 वीक का हाई लेवल 74.65 रुपए है. 2018, जब कंपनी सफलता के शिखर पर थी, तब इसके एक शेयर की कीमत 384 रुपए के आसपास थी. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि तब से अब तक कंपनी ने कितने बुरे दिन देखे हैं.
टैग्स