होम / बिजनेस / शेयर में गिरावट के बीच फिर से 5 साल के लिए बची Paytm के विजय शेखर शर्मा की कुर्सी
शेयर में गिरावट के बीच फिर से 5 साल के लिए बची Paytm के विजय शेखर शर्मा की कुर्सी
अब शर्मा एक बार फिर से लगातार 5 साल तक कंपनी के सीईओ और एमडी बने रहेंगे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
नई दिल्लीः पेटीएम मोबाइल वॉलेट ऐप को संचालित करने वाली कंपनी वन97 कम्यूनिकेशंस ने एक बार फिर से विजय शेखर शर्मा को कंपनी का सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है. आईपीओ आने के बाद कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट के बीच पेटीएम की 22वीं सालाना आम सभा में कंपनी के शेयरधारकों ने शर्मा को प्रबंध निदेशक और सीईओ के रूप में फिर से नियुक्त करने के पक्ष में 99.67 प्रतिशत बहुमत के साथ मतदान किया. अब शर्मा एक बार फिर से लगातार 5 साल तक कंपनी के सीईओ और एमडी बने रहेंगे.
60 फीसदी गिर चुकी है शेयर की कीमत
कंपनी पिछले साल नवंबर में अपना आईपीओ लेकर के आई थी. उसके बाद से अभी तक कंपनी के शेयर 60 फीसदी से नीचे मूल्य पर ट्रेड कर रहे हैं. इसको लेकर के शर्मा के प्रति शेयरधारकों में विरोध तो था, लेकिन उन पर अभी कंपनी के ऑपरेशन्स के लिए भरोसा रखा है. पेटीएम ने अपने बयान में कहा कि विजय शेखर शर्मा के पारिश्रमिक के प्रस्ताव को उनके पक्ष में 94.48 फीसदी वोट मिले.
सेबी ने स्वैच्छिक किया था ये नियम
इस साल फरवरी में, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने इंडिया इंक के लिए एक अलग अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक या सीईओ रखना स्वैच्छिक बना दिया था. शर्मा ने शुक्रवार को सालाना आम बैठक के दौरान शेयरधारकों से कहा था कि मूल कंपनी वन97 उस कीमत को प्रभावित नहीं करती जिस पर स्टॉक कारोबार करता है लेकिन प्रबंधन फर्म को लाभदायक बनाने के प्रयास कर रहा है. शर्मा ने कहा था कि 2018-19 तक, कंपनी विस्तार मोड में थी और इसने 2019-20 से मुद्रीकरण मोड में प्रवेश किया है.
शेयर की कीमत का हमारे पर असर नहीं
शर्मा ने शेयरधारकों से कहा कि मार्केट में कंपनी के शेयर की जो स्थिति है उससे हम प्रभावित नहीं हैं. कंपनी शेयरों के भाव पर किसी तरह का दखल नहीं रखती है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि प्रबंधन कंपनी को लाभप्रद बनाने के प्रयास में जुटा हुआ है. शेयर की कीमतों में कमी होने के कई सारे कारण है. फिलहाल कंपनी प्रॉफिट में है और आगे भी कंपनी का बिजनेस नए कीर्तिमान स्थापित करेगा.
पेटीएम के गिर रहे हैं शेयर
गौरतलब है कि जिस दौर में पेटीएम ने अपने शेयर लॉन्च किया था उस समय उसकी प्राइस बैंड 2080 से 2150 रुपये तय की गई थी. लेकिन धीरे-धीरे इसके शेयर वैल्यू में गिरावट आती गई. जिस दिन पेटीएम की लिस्टिंग हुई उस दिन इसका शेयर 27 फीसदी गिरकर 1564 रुपये पर बंद हुआ था. मौजूदा समय में पेटीएम के एक शेयर की कीमत 772.10 रुपये है. अपने ऑल टाइम हाई से पेटीएम का शेयर 60 फीसदी नीचे चल रहा है. मई 2022 को पेटीएम ने 510 रुपये का रिकॉर्ड लो बनाया था.
VIDEO: New Alto K10 में क्या-क्या हैं नई बातें, फीचर्स से लेकर कीमत तक जानें सबकुछ
टैग्स