होम / बिजनेस / मस्क का तुगलकी फरमान सुनकर Twitter कर्मचारियों के उड़े होश, जानें ऐसा क्या है आदेश में?
मस्क का तुगलकी फरमान सुनकर Twitter कर्मचारियों के उड़े होश, जानें ऐसा क्या है आदेश में?
ट्विटर के नए बॉस ईलॉन मस्क अपने कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं. अब उन्होंने एक नया आदेश जारी किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
ट्विटर की कमान संभालते ही ईलॉन मस्क धड़ाधड़ बदलाव कर रहे हैं. पहले उन्होंने भारतीय मूल के टॉप अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया, वर्कफ़ोर्स में कमी करने के आदेश दिए और अब उन्होंने कुछ कर्मचारियों के लिए बेहद कड़े नियम बना दिए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि कुछ ट्विटर इंजीनियरों को दिन में 12 घंटे और सप्ताह में सातों दिन काम करने के लिए कहा गया है. ट्विटर प्रबंधन ने कर्मचारियों से कहा है कि नए बॉस के नए लक्ष्यों को तय समय में पूरा करने के लिए उन्हें अतिरिक्त घंटे काम करना होगा.
ओवरटाइम की बात न करें
रिपोर्ट्स के अनुसार, Twitter प्रबंधन की तरफ से कुछ कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ईलॉन मस्क के आक्रामक फैसलों को समय सीमा में अमल में लाने के लिए सप्ताह में सात दिन और हर दिन 12 घंटे की शिफ्ट में काम करना होगा. कर्मचारियों से ओवरटाइम, कॉम्प ऑफ या नौकरी की सुरक्षा के बारे में चर्चा किए बिना अधिक काम करने के लिए भी कहा गया है. इतना ही नहीं, कंपनी ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि निर्देशों को नहीं मानने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है.
छंटनी की धमकी दे रहे मस्क
बताया जा रहा है कि ईलॉन मस्क कर्मचारियों को आदेश का पालन करने के लिए मजबूर करने के लिए 50 प्रतिशत छंटनी की धमकी दे रहे हैं. यानी उनका कहना है कि यदि आदेश पर अमल नहीं किया गया, तो एक झटके में 50% कर्मचारियों की छंटनी कर दी जाएगी. सीधे तौर पर वह नौकरी का डर दिखाकर अपने कर्मचारियों से 12 घंटे और सातों दिन काम कराना चाहते हैं.
लिस्ट तेयार करने को कहा
इससे पहले खबर आई थी कि मस्क ने अपने मैनेजर्स को ऐसे कर्मचारियों की लिस्ट बनाने के लिए कहा है, जिन्हें कंपनी से निकाला जा सकता है. वैसे, मस्क के ट्विटर डील को सील करने से पहले ही यह साफ हो गया था कि वो बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी कर सकते हैं. इस बीच, मस्क ने ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की कीमत बढ़ाने और ब्लू टिक के लिए वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को संशोधित करने की योजना बनाई है. इसके लिए उन्होंने ट्विटर के इंजीनियरों को पेड वेरिफिकेशन फीचर लॉन्च करने के लिए 7 नवंबर की डेडलाइन दी है, साथ ही यह भी कहा है कि ऐसा न होने पर उनकी नौकरी चली जाएगी.
टैग्स