होम / बिजनेस / Twitter कर्मचारियों को मस्क का मैसेज - 'ऑफिस आने से पहले मेल चेक कर लें'
Twitter कर्मचारियों को मस्क का मैसेज - 'ऑफिस आने से पहले मेल चेक कर लें'
ट्विटर के नए बॉस ईलॉन मस्क आज बड़े पैमाने पर छंटनी कर सकते हैं. कर्मचारियों को ईमेल के माध्यम से उसकी सूचना दी जाएगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
ट्विटर कर्मचारियों के लिए आज का दिन बहुत भारी है. आज उन्हें पता चल जाएगा कि उनकी नौकरी बची है या नहीं. ईलॉन मस्क के ट्विटर की कमान संभालने के बाद से बड़े पैमाने पर छंटनी की बातें चल रही थीं, जो आज यानी शुक्रवार को सही साबित होने जा रही हैं. Twitter प्रबंधन की तरफ से कर्मचारियों से कहा गया है कि शुक्रवार को ऑफिस आने से पहले मेल जरूर चेक कर लें.
मिलेगा अलर्ट मेल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्विटर मैनेजमेंट की तरफ से कर्मचारियों को गुरुवार को ईमेल भेजकर कहा गया है कि उन्हें शुक्रवार को छंटनी के संबंध में अलर्ट मेल भेजा जाएगा. जिससे यह पता चलेगा कि किन कर्मचारियों को ऑफिस आना है और किन्हें नहीं. कंपनी का कहना है कि ट्विटर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उसे कड़े फैसले लेने को मजबूत होना पड़ रहा है.
कंपनी ऐसे भेजेगी ईमेल
एक रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी जिन कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही है, उन्हें इसकी जानकारी पर्सनल ईमेल एड्रेस पर भेजी जाएगी. वहीं, जिनकी नौकरी बच गई है, उन्हें ऑफिशियल ईमेल पर इस बारे में सूचित किया जाएगा. बता दें कि मस्क के ट्विटर को अपना बनाने से पहले ही यह खबर आ गई थी कि कंपनी की कमान संभालने के बाद वो आधे स्टाफ की छुट्टी कर देंगे, लेकिन उन्होंने उस वक्त इससे इनकार किया था.
अपने के लिए अरबों का विमान
एक तरफ, ईलॉन मस्क कंपनी की वर्कफोर्स में बड़ी कटौती कर रहे हैं, ताकि खर्चों को कम किया जा सके. वहीं, दूसरी तरफ उन्होंने अरबों रुपए खर्च कर अपने लिए लग्जरी विमान खरीदा है. मस्क ने एक 'गल्फस्ट्रीम G700' का आर्डर दिया है, जिसकी डिलीवरी 2023 की शुरुआत में होने की उम्मीद है. मस्क का निजी जेट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. G700 गल्फस्ट्रीम का एकदम नया विमान है. इसमें अब तक का सबसे बड़ा केबिन है, जिसकी लंबाई 57 फीट से अधिक है. सबसे खास बात यह है कि इसमें एक बार फ्यूल भरने पर यह 13,280 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है. कीमत की बात करें, तो मस्क ने इसे 78 मिलियन डॉलर लगभग साढ़े 6 अरब रुपए में खरीदा है.
टैग्स