होम / बिजनेस / तिमाही नतीजों की खुशी बाजार में आई नजर, इन बैंकों के शेयरों ने लगाई छलांग
तिमाही नतीजों की खुशी बाजार में आई नजर, इन बैंकों के शेयरों ने लगाई छलांग
कुछ बैंकों के तिमाही नतीजों के चलते उनके शेयरों में उछाल देखने को मिला है. इनके शेयर तेजी के साथ बंद हुए हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
पब्लिक सेक्टर के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) ने मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे (Q3 Results) जारी कर दिए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में बैंक के स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 60% का इजाफा हुआ है. यह बढ़कर 3,589.91 करोड़ रुपए पहुंच गया है. इस खबर के सामने आते ही यूनियन बैंक के शेयरों में तेजी देखने को मिली. कारोबारी की समाप्ति पर बैंक के शेयर करीब 7 प्रतिशत की उछाल के साथ 141.80 रुपए पर बंद हुए.
बैंक के ग्रॉस NPA में आई गिरावट
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) में गिरावट आई है. यह 4.83 फीसदी रहा है, जबकि सितंबर तिमाही में ग्रॉस NPA 6.38 फीसदी और पिछले साल की समान अवधि में 7.93 फीसदी था. विस्तार से बात करें, तो बैंक का ग्रॉस NPA अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 43,261.88 करोड़ रुपए रहा, जो इससे पहले की अवधि में 54,012.76 करोड़ और एक साल पहले की इसी तिमाही में 63,770.16 करोड़ रुपए था. वहीं, बैंक का नेट NPA 1.08 प्रतिशत रहा. बैंक की लगातार मजबूत होती स्थिति से उसका शेयर भी मजबूत होता जा रहा है. एक साल में यूनियन बैंक का शेयर 73.99% ऊपर चढ़ चुका है.
ये भी पढ़ें - Mukesh Ambani की रिलायंस ने की ऐसी घोषणा, सभी राम भक्तों के खिल गए चेहरे
Kotak Mahindra के नतीजे भी अच्छे
वहीं, निजी सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक ने तिमाही नतीजे भी अच्छे रहे हैं. दिसंबर तिमाही में बैंक का मुनाफा पिछले साल के मुकाबले करीब 8 फीसदी बढ़ा है. वहीं नेट इंट्रेस्ट इनकम में भी 16% की बढ़त देखने को मिली है. इसके साथ ही बैंक के नेट NPA में गिरावट आई है. कोटक महिंद्रा बैंक का मुनाफा पिछले साल के मुकाबले 7.6% की बढ़त के साथ 3005 करोड़ रुपए रहा है. पिछले साल की इसी तिमाही में यह आंकड़ा 2791.9 करोड़ था. पिछले साल की समान तिमाही में बैंक का ग्रॉस NPA 1.9 फीसदी पर और नेट NPA 0.43 फीसदी था. जो इस तिमाही में 1.73 फीसदी और 0.34 फीसदी पर आ गया है. वहीं, बैंक के शेयरों में आज करीब 2 प्रतिशत की उछाल आई और यह 1,810 रुपए पर पहुंच गया.
ICICI को मिला अनुमान से ज्यादा
प्राइवेट सेक्टर के ICICI Bank ने भी अपने तिमाही नतीजे जारी कर दिए हैं, जो अनुमान से बेहतर रहे हैं. आईसीआईसीआई बैंक ने 9,997 करोड़ के अनुमान के मुकाबले 10271.54 करोड़ का स्टैंडअलोन प्रॉफिट दर्ज किया है. बैंक का मुनाफा एक साल पहले इस तिमाही में 8311.85 करोड़ रुपए था और मौजूदा वित्तवर्ष की दिसंबर तिमाही में इसमें 23.5% की बढ़त देखने को मिली है. इसी तरह, बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में साल-दर-साल 13.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जो दिसंबर तिमाही में 18679 करोड़ रुपए तक पहुंच गई. बैंक का ग्रॉस NPA 2.30 फीसदी रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 3.07 प्रतिशत था. आज आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 2.55% की बढ़त के साथ बंद हुए.
टैग्स