होम / बिजनेस / शेयर बाजार में मचा हाहाकार, सेंसेक्स ने लगाया 2,222 अंक का गोता, निवेशकों के करोडों डूबे
शेयर बाजार में मचा हाहाकार, सेंसेक्स ने लगाया 2,222 अंक का गोता, निवेशकों के करोडों डूबे
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से केवल दो और निफ्टी के 50 शेयरों में केवल 4 तेजी के साथ बंद हुए. बाकी शेयरों में गिरावट रही.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
भारतीय शेयर बाजार के लिए हफ्ते का पहला कारोबारी सत्र ब्लैक मंडे (Black Monday) साबित हुआ है. अमेरिकी शेयर बाजार में मंदी की आशंका के चलते पिछले कारोबारी सत्र में जोरदार गिरावट के चलते भारतीय बाजारों में कोहराम मच गया. शेयर बाजार में इस गिरावट के चलते निवेशकों को एक ही सत्र में 15.50 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. आज का कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स 2222 अंकों की गिरावट के साथ 78,759 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 662 अंकों लुढ़ककर 24,055 अंकों पर क्लोज हुआ है.
आज किन शेयरों में दिखा एक्शन
गिरावट इतनी तेज थी कि सेंसेक्स के आज 30 में से सिर्फ 2 शेयर ही आज बढ़त के साथ बंद हुए. इसमें हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) 0.97 फीसदी और नेस्ले इंडिया (Nestle India) का स्टॉक 0.75 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए. वहीं सेंसेक्स के बाकी 28 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए. इसमें भी टाटा मोटर्स (Tata Motors) का शेयर 7.38 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा. इसके अलावा अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), टाटा स्टील (Tata Steel), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयर 4.19% से लेकर 5.83% की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए.
3,407 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही. एक्सचेंज पर कुल 4,189 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला, इसमें से 671 शेयर तेजी के साथ बंद हुए. वहीं 3,407 शेयरों में गिरावट देखी गई, जबकि 111 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए. इसके अलावा 206 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ, वहीं 64 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ.
निवेशकों के डूबे 15.5 लाख करोड़
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 5 अगस्त को घटकर 441.66 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 2 अगस्त को 457.16 लाख करोड़ रुपये था. इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 15.5 लाख करोड़ रुपये कम हुआ है, या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 15.5 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है.
टैग्स