होम / बिजनेस / रोते टीचर्स, वायरल वीडियो...आखिर Physics Wallah में क्या चल रहा है?
रोते टीचर्स, वायरल वीडियो...आखिर Physics Wallah में क्या चल रहा है?
शिक्षकों ने यूट्यूब पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में टीचरों ने अलख पांडे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वो कंपनी में राजनीति करते हैं और टीचर्स पर गलत आरोप लगाते हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
एडटेक प्लेटफॉर्म फिजिक्स वाला (Physics Wallah) के रोते हुए टीचर्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ये टीचर्स कंपनी के फाउंडर पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. इस वीडियो के सामने आते ही Physics Wallah को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. दरअसल, वीडियो में रोते हुए नजर आ रहे ये तीनों टीचर्स अब Physics Wallah का हिस्सा नहीं हैं. इन शिक्षकों का आरोप है कि कंपनी के फाउंडर उनका करियर बर्बाद कर रहे हैं.
कंपनी में चल रही राजनीति?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहे तीनों टीचर्स ने कंपनी के फाउंडर अलख पांडे (Alakh Pandey) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो में टीचर्स रो रहे हैं, चिल्ला रहे हैं और फिजिक्स वाला पर पैसा लेने का झूठा आरोप लगा रहे हैं. इन टीचर्स का नाम तरुण कुमार, मनीष दुबे और सर्वेश दीक्षित है. इन शिक्षकों ने यूट्यूब पर अपना एक वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में टीचरों ने अलख पांडे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वो कंपनी में राजनीति करते हैं और टीचर्स पर गलत आरोप लगाते हैं.
कंपनी ने दिया आरोपों पर जवाब
टीचर्स ने वीडियो में कहा कि अलख पांडे के साथ मतभेदों के कारण उन्होंने कंपनी छोड़ी. उन पर रिश्वत का गलत आरोप लगाया गया, ताकि वो कंपनी छोड़ दें. उनका कहना है कि अलख पांडे डर का माहौल बना रहे हैं. टीचर्स का कहना है कि 'फिजिक्स वाला' छोड़ने के बाद उनपर दूसरे प्लेटफॉर्म से 5 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया जा रहा है और उन्हें बच्चों की नजर में बदनाम किया जा रहा है. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद फिजिक्स वाला ने जवाब दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की तरफ से कहा गया है कि टीचर्स ने अड्डा 247 से एडवांस ले लिया है. जिस प्लेटफॉर्म पर वो पढ़ा रहे थे, उसे ही बदनाम कर रहे हैं. फिजिक्स वाला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके कई और फैकल्टी को पैसे देकर अड्डा 247 में बुलाया जा रहा है.
2016 में हुई थी शुरुआत
Physics Wallah के फाउंडर अलख पांडे हैं. उन्होंने साल 2016 में, JEE, NEET की तैयारी के लिए एक यूट्यूब चैनल, फिजिक्स वाला शुरू किया. बाद में GATE, UPSC, SSC, CA जैसे कई एग्जाम की तैयारी करवाने लगे. उनका चैनल इतना ज्यादा पसंद किया गया कि कंपनी यूनिकॉर्न कंपनी बन गई. अभी फिजिक्स वाला के 39 अलग-अलग यूट्यूब चैनल हैं और 1 करोड़ से ज्यादा ऐप डाउनलोड्स हैं. एडटेक सेक्टर में कंपनी ने अपनी एक अलग पहचान बना ली है.
टैग्स