होम / बिजनेस / ऑलटाइम हाई पर बंद हुआ शेयर बाजार, पहली बार सेंसेक्स 81,000 के पार
ऑलटाइम हाई पर बंद हुआ शेयर बाजार, पहली बार सेंसेक्स 81,000 के पार
आज के ट्रेड में सबसे बड़ी तेजी TCS इंफोसिस और विप्रो के नेतृत्व में आईटी स्टॉक्स में देखने को मिली है. निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.22 फीसदी के उछाल के साथ क्लोज हुआ है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
सुबह के ट्रेड में उठापटक देखने के बाद भारतीय शेयर बाजार के लिए आज का कारोबारी सत्र ऐतिहासिक रहा है. सेंसेक्स और निफ्टी ऑलटाइम हाई पर क्लोज हुआ है. सेंसेक्स पहली बार 81,000 के लेवल को पार करने में कामयाब रहा है. जबकि निफ्टी पहली बार 24,800 अंकों के पार जाने में कामयाब हुआ है. आईटी और एफएमसीजी स्टॉक्स में खरीदारी के चलते बाजार में ये जोरदार तेजी देखने को मिली है. आज का कारोबार खत्म होने पर बीएसई सेंसेक्स 627 अंकों की उछाल के साथ 81,343 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 187 अंकों के उछाल के साथ 24,800 पर क्लोज हुआ है.
सेक्टरोल अपडेट
आज के ट्रेड में सबसे बड़ी तेजी आईटी स्टॉक्स में देखने को मिली है. निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.22 फीसदी के उछाल के साथ क्लोज हुआ है. इसके अलावा बैंकिंग, ऑटो, एफएमसीजी, एनर्जी, हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयर्स तेजी के साथ बंद हुए हैं. लेकिन कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल्स और फार्मा स्टॉक्स में गिरावट देखने को मिली है. आज के सत्र में मिडकैप इंडेक्स में एक समय 1000 अंकों की गिरावट देखने को मिली थी लेकिन बाजार बंद होने पर 523 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ है. जबकि निफ्टी का स्मॉलकैप इँडेक्स 231 अंक या 1.21 फीसदी की गिरावट के साथ क्लोज हुआ है.
सबसे ज्यादा चढ़ने-गिरने वाले शेयर्स
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए. इसमें भी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयरों में सबसे अधिक 2.95 फीसदी की तेजी रही. इसके बाद बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), इंफोसिस (Infosys) और टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखी गई और ये 1.85% से लेकर 2.57 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए.
वहीं सेंसेक्स के बाकी 8 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए. इसमें भी एशियन पेंट्स (Asian Paints) का शेयर 1.59 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। इसके अलावा जेएसडब्लू स्टील (JSW Steel), एनटीपीसी (NTPC), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) और टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयर क्रमश: 0.48% से लेकर 0.89% की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए.
BSE के 2,500 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही. एक्सचेंज पर कुल 4,016 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला. इसमें से 1,425 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए. वहीं 2,500 शेयरों में गिरावट देखी गई. जबकि 91 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए. इसके अलावा 239 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ. वहीं 25 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ.
बाजार ऊपर बंद पर मार्केट कैप में गिरावट
सेंसेक्स-निफ्टी ऐतिहासिक हाई पर बंद हुआ है इसके बावजूद भारतीय शेयर बाजार के मार्केट कैपिटलाइजेशन में गिरावट देखने को मिली है. मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में भारी मुनाफावसूली के चलते मार्केट कैप गिरा हुआ है. बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक्स का मार्केट कैप 454.30 लाख करोड़ रुपये पर क्लोज हुआ है जो पिछले सत्र में 455.24 लाख करोड़ रुपये रहा था. यानि आज के सत्र में निवेशकों को 94,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.
टैग्स