होम / बिजनेस / GST कलेक्शन में रिकॉर्ड उछाल, अक्टूबर में सरकारी खजाने में आए ₹2.31 लाख करोड़
GST कलेक्शन में रिकॉर्ड उछाल, अक्टूबर में सरकारी खजाने में आए ₹2.31 लाख करोड़
त्योहारी सीजन में मजबूत कारोबार और आयात में बढ़ोतरी से अक्टूबर में जीएसटी संग्रह में शानदार इजाफा दर्ज किया गया. सालाना आधार पर कुल कलेक्शन 22.9 फीसदी बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये हो गया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 34 minutes ago
देश की अर्थव्यवस्था और कारोबारी गतिविधियों में तेजी का असर वस्तु एवं सेवा कर (GST) के आंकड़ों में भी दिखाई दिया है. अक्टूबर 2026 में देश का सकल जीएसटी संग्रह सालाना आधार पर 22.9 फीसदी बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पिछले साल अक्टूबर में यह आंकड़ा 1.88 लाख करोड़ रुपये था. इस तरह अक्टूबर में जीएसटी कलेक्शन ने नया रिकॉर्ड बनाया है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के दौरान कुल जीएसटी संग्रह 13.2 फीसदी बढ़कर 14.78 लाख करोड़ रुपये हो गया. अक्टूबर में घरेलू कारोबार से जीएसटी संग्रह 15.8 फीसदी बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये रहा. वहीं, आयात से मिलने वाला जीएसटी 42.2 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ 72,246 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
रिफंड के बाद कितना रहा नेट जीएसटी कलेक्शन?
अक्टूबर में सरकार ने कुल 27,934 करोड़ रुपये का जीएसटी रिफंड जारी किया. यह पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 6.5 फीसदी अधिक है. रिफंड को घटाने के बाद सरकार का शुद्ध जीएसटी संग्रह 25.6 फीसदी बढ़कर 2.03 लाख करोड़ रुपये रहा.
घरेलू कारोबार से शुद्ध जीएसटी संग्रह 16.4 फीसदी बढ़कर 1.45 लाख करोड़ रुपये हो गया. वहीं, आयात से शुद्ध संग्रह में 56.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 58,319 करोड़ रुपये रहा.
अक्टूबर के कुल जीएसटी संग्रह में केंद्रीय जीएसटी (CGST) की हिस्सेदारी 42,935 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी (SGST) की 51,340 करोड़ रुपये और एकीकृत जीएसटी (IGST) की 1.37 लाख करोड़ रुपये रही.
महाराष्ट्र जीएसटी संग्रह में पहले नंबर पर
राज्यों के प्रदर्शन की बात करें तो महाराष्ट्र अक्टूबर में 35,150 करोड़ रुपये के जीएसटी संग्रह के साथ पहले स्थान पर रहा. पिछले साल अक्टूबर में राज्य का संग्रह 31,013 करोड़ रुपये था. इस तरह इसमें 13 फीसदी की वृद्धि हुई. कर्नाटक 15,922 करोड़ रुपये के संग्रह के साथ दूसरे और गुजरात 13,516 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
अन्य प्रमुख राज्यों का जीएसटी संग्रह इस प्रकार रहा:
- तमिलनाडु: 11,661 करोड़ रुपये, 3 फीसदी की वृद्धि
- हरियाणा: 11,529 करोड़ रुपये, 17 फीसदी की वृद्धि
- उत्तर प्रदेश: 10,235 करोड़ रुपये, 24 फीसदी की वृद्धि
- दिल्ली: 9,298 करोड़ रुपये, 10 फीसदी की वृद्धि
- पश्चिम बंगाल: 6,055 करोड़ रुपये, 17 फीसदी की वृद्धि
- तेलंगाना: 5,958 करोड़ रुपये, 14 फीसदी की वृद्धि
- राजस्थान: 4,937 करोड़ रुपये, 16 फीसदी की वृद्धि
- ओडिशा: 4,744 करोड़ रुपये, 10 फीसदी की वृद्धि
- आंध्र प्रदेश: 4,307 करोड़ रुपये, 24 फीसदी की वृद्धि
- मध्य प्रदेश: 3,768 करोड़ रुपये, 29 फीसदी की वृद्धि
- केरल: 3,486 करोड़ रुपये, 23 फीसदी की वृद्धि
- पंजाब: 2,856 करोड़ रुपये, 25 फीसदी की वृद्धि
- बिहार: 1,827 करोड़ रुपये, 24 फीसदी की वृद्धि
असम में सबसे तेज बढ़ा जीएसटी कलेक्शन
अक्टूबर में बड़े राज्यों में असम ने जीएसटी संग्रह की वृद्धि के मामले में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया. यहां सालाना आधार पर कलेक्शन 47 फीसदी बढ़कर 1,934 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 1,315 करोड़ रुपये था.
झारखंड में जीएसटी संग्रह 31 फीसदी बढ़कर 2,821 करोड़ रुपये और मध्य प्रदेश में 29 फीसदी बढ़कर 3,768 करोड़ रुपये रहा. उत्तर प्रदेश और बिहार में भी 24-24 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में घटा जीएसटी संग्रह
जहां अधिकांश राज्यों में जीएसटी संग्रह बढ़ा, वहीं कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में गिरावट भी दर्ज की गई. सिक्किम में सबसे ज्यादा 28 फीसदी की गिरावट आई और जीएसटी संग्रह 221 करोड़ रुपये रहा. लद्दाख में कलेक्शन 20 फीसदी घटकर 63 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 7 फीसदी कम होकर 179 करोड़ रुपये रह गया. हिमाचल प्रदेश में भी जीएसटी संग्रह 2 फीसदी गिरकर 704 करोड़ रुपये पर आ गया.
टैग्स