होम / बिजनेस / डिजिटल फ्रॉड पर लगाम लगाने की तैयारी में RBI, UPI और बैंक कार्ड को खुद बंद-चालू कर सकेंगे ग्राहक
डिजिटल फ्रॉड पर लगाम लगाने की तैयारी में RBI, UPI और बैंक कार्ड को खुद बंद-चालू कर सकेंगे ग्राहक
ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए RBI ने जारी किया नया ड्राफ्ट, ग्राहकों को मिलेगी डिजिटल पेमेंट पर पूरी निगरानी की सुविधा; ट्रांजेक्शन लिमिट से लेकर पेमेंट का समय तक कर सकेंगे तय
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 hours ago
ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट से जुड़ी धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ग्राहकों की सुरक्षा के लिए नए नियम लाने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत बैंक ग्राहकों को अपने UPI, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और डेबिट-क्रेडिट कार्ड को अपनी जरूरत के मुताबिक बंद या चालू करने की सुविधा मिलेगी. इतना ही नहीं, ग्राहक यह भी तय कर सकेंगे कि वे एक बार में या पूरे दिन में कितनी रकम का डिजिटल लेनदेन करना चाहते हैं. RBI के इस प्रस्ताव का मकसद डिजिटल भुगतान पर ग्राहकों का नियंत्रण बढ़ाना और ऑनलाइन फ्रॉड से होने वाले नुकसान को कम करना है.
एक क्लिक पर बंद कर सकेंगे UPI और नेट बैंकिंग
RBI ने 23 नवंबर को 'प्रिवेंटिव सेफगार्ड्स फॉर इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजेक्शंस' (EBTs) नाम से नए नियमों का ड्राफ्ट जारी किया है. इसके तहत सभी बैंकों को ग्राहकों को डिजिटल पेमेंट चैनल बंद करने और दोबारा चालू करने की सुविधा देनी होगी. इसमें UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसे माध्यम शामिल होंगे.
ग्राहक चाहें तो इनमें से किसी एक या सभी डिजिटल पेमेंट माध्यमों को बंद रख सकेंगे. चैनल बंद होने के बाद संबंधित खाते से उस माध्यम के जरिए कोई लेनदेन नहीं किया जा सकेगा. जरूरत पड़ने पर ग्राहक बैंक की शाखा या डिजिटल ऐप के माध्यम से इसे दोबारा चालू कर सकेंगे. इसके लिए OTP या बैंक की ओर से निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के जरिए पहचान की पुष्टि करनी होगी.
पांच तरह से तय कर सकेंगे पेमेंट की लिमिट
RBI के प्रस्ताव के तहत ग्राहक डिजिटल लेनदेन पर पांच तरह के नियंत्रण रख सकेंगे.
1. ट्रांजेक्शन लिमिट: ग्राहक एक बार में होने वाले भुगतान की अधिकतम सीमा तय कर सकेंगे. उदाहरण के लिए, एक ट्रांजेक्शन में अधिकतम 10,000 रुपये की सीमा रखी जा सकती है.
2. बेनेफिशियरी वाइज लिमिट: किसी खास व्यक्ति या लाभार्थी को एक दिन में कितनी रकम भेजनी है, इसकी सीमा तय की जा सकेगी. जैसे किसी एक व्यक्ति को रोजाना अधिकतम 20,000 रुपये भेजने की अनुमति देना.
3. डेली चैनल लिमिट: ग्राहक UPI या इंटरनेट बैंकिंग जैसे किसी एक माध्यम से पूरे दिन में होने वाले कुल लेनदेन की सीमा तय कर सकेंगे. उदाहरण के लिए, UPI से एक दिन में अधिकतम 50,000 रुपये का भुगतान.
4. कंबाइंड डेली लिमिट: सभी डिजिटल पेमेंट माध्यमों को मिलाकर एक दिन में होने वाले कुल लेनदेन की सीमा भी निर्धारित की जा सकेगी.
5. टाइम बेस्ड कंट्रोल: ग्राहक भुगतान के लिए समय भी तय कर सकेंगे. वे चाहें तो किसी निश्चित समय के दौरान अपने डिजिटल पेमेंट चैनल बंद रख सकते हैं.
हालांकि, ग्राहकों की ओर से तय की गई लिमिट बैंक की निर्धारित अधिकतम सीमा के भीतर ही रहेगी. उदाहरण के लिए, अगर बैंक UPI के जरिए एक बार में अधिकतम 1 लाख रुपये के भुगतान की अनुमति देता है, तो ग्राहक इसे घटाकर 20,000 रुपये कर सकते हैं, लेकिन बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये नहीं कर पाएंगे.
डेबिट और क्रेडिट कार्ड पर भी मिलेगा नियंत्रण
RBI के प्रस्ताव में डेबिट और क्रेडिट कार्ड को लेकर भी अहम बदलाव किए गए हैं. इसके तहत बैंकों को ग्राहकों को कार्ड को ऑन या ऑफ करने और उसकी ट्रांजेक्शन लिमिट बदलने की सुविधा देनी होगी.
यह व्यवस्था भारत और विदेश, दोनों जगह होने वाले लेनदेन पर लागू होगी. इसमें ATM से नकदी निकालने, POS मशीन पर भुगतान, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट शामिल होंगे. ग्राहक बैंक की ओर से तय अधिकतम सीमा के भीतर अपने कार्ड की लिमिट बदल सकेंगे.
हालांकि, गिफ्ट कार्ड (Gift PPI) और सार्वजनिक परिवहन में इस्तेमाल होने वाले ट्रांजिट कार्ड (Transit PPI) को इस प्रस्ताव के दायरे से बाहर रखा गया है.
14 दिसंबर तक मांगे सुझाव
फिलहाल RBI ने इन नियमों का ड्राफ्ट जारी किया है. इन्हें अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है. केंद्रीय बैंक ने बैंकों, आम लोगों और अन्य संबंधित पक्षों से 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव और प्रतिक्रियाएं मांगी हैं.
मिले सुझावों पर विचार करने के बाद RBI इन नियमों को अंतिम रूप देगा. यदि ये प्रस्ताव लागू होते हैं, तो बैंक ग्राहकों को अपने डिजिटल लेनदेन पर पहले से ज्यादा नियंत्रण मिलेगा. इससे अनधिकृत भुगतान और ऑनलाइन धोखाधड़ी के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है
टैग्स