होम / बिजनेस / अमेरिका भारत समेत 16 देशों पर लगा सकता है नए टैरिफ, इसी हफ्ते हो सकती है घोषणा
अमेरिका भारत समेत 16 देशों पर लगा सकता है नए टैरिफ, इसी हफ्ते हो सकती है घोषणा
अमेरिकी सरकार का कहना है कि इन देशों में औद्योगिक उत्पादन क्षमता जरूरत से ज्यादा है और सरकारें अपने उद्योगों को सब्सिडी दे रही हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 36 minutes ago
अमेरिका एक बार फिर भारत, चीन समेत 16 देशों से होने वाले आयात पर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. यह घोषणा इसी सप्ताह हो सकती है. अमेरिकी सरकार का कहना है कि इन देशों में औद्योगिक उत्पादन क्षमता जरूरत से ज्यादा है और सरकारें अपने उद्योगों को सब्सिडी दे रही हैं. अमेरिका का मानना है कि इससे उसके घरेलू निर्माताओं को नुकसान हो रहा है. प्रस्तावित टैरिफ से भारत और अमेरिका के बीच जारी व्यापार वार्ता में भी नई अनिश्चितता पैदा हो सकती है.
सेक्शन 301 के तहत की गई जांच
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जैमीसन ग्रीर 1974 के ट्रेड एक्ट के सेक्शन 301 के तहत 16 अर्थव्यवस्थाओं की जांच के निष्कर्षों की घोषणा कर सकते हैं. इस जांच में भारत भी शामिल है. इसकी शुरुआत 11 मार्च को हुई थी.
जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या संबंधित देशों में सरकारी सब्सिडी और अन्य तरह की सरकारी सहायता के कारण औद्योगिक उत्पादन क्षमता जरूरत से ज्यादा बढ़ी है. अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि सरकारी मदद के कारण इन देशों के निर्माता कम लागत पर सामान तैयार कर पा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कम कीमत पर बेच रहे हैं. इससे अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा मुश्किल हो रही है.
अमेरिकी ट्रेड एक्ट का सेक्शन 301 राष्ट्रपति को यह अधिकार देता है कि यदि किसी दूसरे देश की व्यापार नीतियों को अमेरिकी कारोबार के खिलाफ अनुचित या भेदभावपूर्ण पाया जाता है, तो उस पर टैरिफ या अन्य व्यापारिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.
इस प्रस्तावित कार्रवाई के दायरे में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, वियतनाम, ताइवान, थाईलैंड, मलेशिया, इंडोनेशिया, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, सिंगापुर, बांग्लादेश, कंबोडिया और यूरोपीय संघ शामिल हैं.
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन देशों पर कितनी दर से अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा. प्रस्तावित शुल्क मौजूदा टैरिफ के अतिरिक्त होंगे.
नए टैरिफ से निर्यातकों पर बढ़ सकता है दबाव
अमेरिका की इस संभावित कार्रवाई से संबंधित देशों के निर्यातकों पर दबाव बढ़ सकता है. इससे पहले जुलाई में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने विदेशी सप्लाई चेन में जबरन मजदूरी से जुड़े मामलों की अलग जांच पूरी की थी. इसके आधार पर कई व्यापारिक साझेदार देशों पर 10 से 12.5 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का रास्ता तैयार हुआ था. इस कार्रवाई के दायरे में औद्योगिक उत्पादन क्षमता से जुड़ी मौजूदा जांच में शामिल सभी 16 अर्थव्यवस्थाएं भी थीं.
रिपोर्ट के मुताबिक, नए प्रस्तावित शुल्क कई तरह के उत्पादों पर लागू हो सकते हैं. हालांकि, स्टील, एल्युमीनियम और ऑटोमोबाइल जैसे कुछ उत्पादों को इससे बाहर रखा जा सकता है, क्योंकि इन पर अमेरिका पहले से ही राष्ट्रीय सुरक्षा प्रावधानों के तहत अलग टैरिफ लगा चुका है.
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर पड़ सकता है असर*
अमेरिका की यह तैयारी ऐसे समय में सामने आई है, जब भारत और अमेरिका अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत कर रहे हैं. दोनों देशों ने फरवरी में इस समझौते का एक फ्रेमवर्क तैयार किया था. हालांकि, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) के तहत लगाए गए टैरिफ को रद्द किए जाने के फैसले के बाद इस पर आगे चर्चा के लिए दोबारा विचार किया गया.
भारत अमेरिका को होने वाले अपने निर्यात के लिए अधिक अनुकूल टैरिफ व्यवस्था की मांग कर रहा है. खासकर बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारतीय निर्यातकों को बेहतर कारोबारी अवसर मिलने की उम्मीद है.
ऐसे में अमेरिका की ओर से नए आयात शुल्क लगाए जाने से व्यापार समझौते की बातचीत प्रभावित हो सकती है. साथ ही, अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर भी असर पड़ने की आशंका है.
फिलहाल टैरिफ की दरों और इन्हें लागू करने की समयसीमा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में भारतीय निर्यातकों और कारोबारियों की नजरें अमेरिका के अगले फैसले पर टिकी हैं.
टैग्स