होम / बिजनेस / Paytm को लेकर आया बड़ा अपडेट, क्या अब ED भी कसेगी कंपनी पर शिकंजा?
Paytm को लेकर आया बड़ा अपडेट, क्या अब ED भी कसेगी कंपनी पर शिकंजा?
पेटीएम के लिए आने वाले दिन और भी ज्यादा मुश्किलों भरे हो सकते हैं. उसे ED की जांच का भी सामना करना पड़ सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
पेटीएम को आने वाले समय में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच का सामना भी करना पड़ सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रिवेन्यु सेक्रेटरी संजय मल्होत्रा (Revenue Secretary Sanjay Malhotra) का स्पष्ट तौर पर कहना है कि यदि फंड की हेराफेरी का कोई नया आरोप पाया गया, तो फाइनेंशियल क्राइम से लड़ने वाली एजेंसी ED पेटीएम पेमेंट्स बैंक की जांच करेगी. वहीं, बताया जा रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अब Paytm पेमेंट्स बैंक का ऑपरेटिंग लाइसेंस रद्द करने के बारे में सोच रहा है. RBI पहले ही पेटीएम पेमेंट्स बैंक को नए जमा स्वीकारने, फंड ट्रांसफर करने और लोन देने से प्रतिबंधित कर चुका है. ऐसे में लाइसेंस रद्द करना Paytm के लिए बड़ा झटका होगा.
राजीव चंद्रशेखर ने कही ये बात
रिवेन्यु सेक्रेटरी संजय मल्होत्रा ने कहा कि अगर RBI द्वारा पेटीएम के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का कोई नया आरोप लगाया जाता है, तो देश के कानून के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा इसकी जांच की जाएगी. वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी राज्य मंत्री (MeitY) राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि फिनटेक या टेक्नोलॉजी कंपनी होने के नाते किसी को भी रेगुलेटरी निरीक्षण से छूट नहीं मिलती. नई दिल्ली में डिजिटल इंडिया फ्यूचर लैब्स के लॉन्च के मौके पर उन्होंने कहा कि एक सेक्टोरल रेगुलेटर के पास सेक्टर के भीतर प्रत्येक कंपनी को रेगुलेट करने का पूर्ण अधिकार होता है. RBI ने ऐसा किया है और ऐसा करना उनके अधिकार क्षेत्र में है.
वित्त मंत्री का भी आया बयान
उधर, जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि सरकार फिनटेक को लेकर उत्साहित है और इस क्षेत्र में अधिक हितधारकों के साथ जुड़ना चाहेगी. हालांकि, मैं किसी विशेष कंपनी पर टिप्पणी नहीं करना चाहूंगी. लेकिन फिनटेक एक ऐसा सेक्टर है जिसमें हम सभी बेहद उत्साहित हैं. भारत ने इस क्षेत्र में काफी योगदान दिया है, जिसे विश्व स्तर पर मान्यता मिली है. इस बीच, एक रिपोर्ट में बताया गया है कि पेटीएम UPI हैंडल और QR कोड को दूसरे बैंकों के साथ ट्रांसफर करने पर विचार कर रही है. इसके लिए NPCI यानी नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के साथ एक बैठक भी हुई है. सूत्रों का कहना है कि Paytm द्वारा फिलहाल ICICI या HDFC जैसे अन्य बैंकों में यूपीआई हैंडल और क्यूआर कोड ट्रांसफर करने के लिए NPCI के साथ बातचीत की जा रही है. अगले 3-4 दिनों में इस पर कोई फैसला हो सकता है.
टैग्स