होम / बिजनेस / Oyo के फाउंडर रितेश अग्रवाल के पिता का आकस्मिक निधन
Oyo के फाउंडर रितेश अग्रवाल के पिता का आकस्मिक निधन
आज गुरुग्राम के सेक्टर 54 में स्थित DLF की 'द क्रेस्ट सोसायटी' में Oyo के फाउंडर रितेश अग्रवाल के पिता रमेश अग्रवाल का निधन हो गया. रितेश अग्रवाल ने हाल ही में विवाह किया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
Oyo के फाउंडर रितेश अग्रवाल के पिता रमेश अग्रवाल की आज गुरुग्राम में एक 20 मंजिला इमारत से गिरने की वजह से मृत्यु हो गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस बात की पुष्टि खुद रितेश अग्रवाल ने एक प्रेस स्टेटमेंट जारी कर की है. तीन दिन पहले ही रितेश अग्रवाल, गीतांशा सूद के साथ शादी के बंधन में बंधे थे और शादी के बाद दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में काफी भव्य रिसेप्शन भी आयोजित किया गया था. रितेश अग्रवाल की शादी में इंडस्ट्री के बड़े और प्रमुख नामों के साथ-साथ Softbank ग्रुप के CEO Masayoshi Son और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी शिरकत की थी.
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि, दोपहर 1 बजे के आस पास उन्हें DLF सिक्योरिटी से गुरुग्राम के सेक्टर 54 में स्थित DLF की 'द क्रेस्ट सोसायटी' में एक व्यक्ति के 20वें फ्लोर से गिरने की जानकारी मिली थी. उन्हें इलाज के लिए पारस अस्पताल ले जाया गया. गुरुग्राम सेक्टर 53 के SHO और पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची. घटनास्थल पर जांच के दौरान पता चला कि गिरने वाले शख्स का नाम रमेश प्रसाद अग्रवाल है. पारस अस्पताल पहुंचने तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी. स्थानीय पुलिस फिलहाल सुसाइड के नजरिये से इस मामले की जांच कर रही है.
रितेश अग्रवाल का बयान
रितेश अग्रवाल ने अपने बयान में कहा - बहुत ही भारी दिल से मैं और मेरा परिवार आपको बताना चाहते हैं कि हमारी ताकत और मार्गदर्शक मेरे पिता श्री रमेश अग्रवाल का आज निधन हो गया है. हमारे सबसे कठिन समय में भी उन्होंने अपना आशीर्वाद हम पर बनाये रखा जिसकी बदौलत हम आगे बढ़ पाए. रितेश अग्रवाल ने इस दुखद अवसर पर परिवार की प्राइवेसी का विशेष ध्यान रखने की विनती भी की है.
टैग्स