होम / बिजनेस / इन तीन युवाओं को TATA ग्रुप में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी, इस बोर्ड में किया गया शामिल
इन तीन युवाओं को TATA ग्रुप में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी, इस बोर्ड में किया गया शामिल
टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्ट के बोर्ड में नोएल टाटा के तीन बच्चों को शामिल किया गया है. इस बोर्ड में रतन टाटा पहले से ही शामिल हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्ट के बोर्ड में तीन युवाओं को शामिल किया गया है. इस कदम को टाटा समूह के नेतृत्व के लिए अगली पीढ़ी को तैयार करने वाला बताया जा रहा है. बोर्ड का हिस्सा बने तीनों युवा लिया (Leah), माया (Maya) और नेविल (Neville) नोएल टाटा के बच्चे हैं. बता दें कि टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्ट टाटा ग्रुप की सब्सिडियरी है. जानकार मानते हैं कि कंपनी में ज्यादा बड़ी भूमिका देने के लिए तीनों को बोर्ड में शामिल किया गया है.
रतन टाटा देंगे ट्रेनिंग
टाटा ग्रुप की अगली पीढ़ी के इन तीनों सदस्यों को रतन टाटा के नेतृत्व में प्रशिक्षित किया जाएगा. टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्ट के बोर्ड में पहले से रतन टाटा, विजय सिंह और मेहली मिस्त्री हैं. इन नई नियुक्ति के साथ ट्रस्ट के ट्रस्टियों की संख्या दोगुनी हो गई है. यह ट्रस्ट कोलकाता में कैंसर अस्पताल चलाता है. टाटा ग्रुप पर करीब से नजर रखने वाले मानते हैं कि इन युवाओं को ट्रस्ट शामिल करने का सीधा मतलब है कि आने वाले समय में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
कौन हैं नोएल टाटा?
नोएल (Noel) रतन टाटा के सौतेले भाई हैं और उनकी भी टाटा ग्रुप में हिस्सेदारी है. वह बतौर चेयरमैन ट्रेंट और टाटा इंवेस्टमेंट कॉरपोरेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. नोएल को टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्ट में बोर्ड सदस्य के रूप में 2019 में शामिल किया गया था. वह टाटा इंटरनेशनल के एमडी के तौर पर भी काम कर रहे हैं. इसके अलावा वह टाइटन कंपनी के भी वाइस-चेयरमैन हैं. नोएल, नवल टाटा और उनकी दूसरी पत्नी सिमोन टाटा के बेटे हैं. सिमोन ने 2006 में ट्रेंट की नींव रखी थी.
Leah Tata
लिआ नोएल टाटा की सबसे बड़ी बेटी हैं. स्पेन से मार्केटिंग की पढ़ाई करने वालीं लिआ ने 2006 में ताज होटल रिजॉर्ट्स एंड पैलेसेज में असिस्टेंट सेल्स मैनेजर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की. 37 साल की लिआ मुंबई के जय हिंद कॉलेज से पढ़ी हैं. वह फिलहाल इंडियन होटल कंपनी में अभी मैनेजर के रूप में सेवाएं दे रही हैं. ये कंपनी 2007 से ताज ग्रुप ऑफ होटल्स को चला रही है.
Maya Tata
माया लिआ की छोटी बहन हैं. 34 साल की माया ने ब्रिटेन के बेयस बिजनस स्कूल और यूनिवर्सिटी ऑफ वारविक से पढ़ाई की है. माया पहले 'टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड' में काम करती थीं. वहां उनके पास इंवेस्टर रिलेशनशिप्स और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट की जिम्मेदारी थी, लेकिन टाटा अपॉर्चुनिटी फंड के बंद होने के बाद वह टाटा डिजिटल से जुड़ गईं. इसके पहले उन्होंने थोड़े समय के लिए टाटा कैपिटल में भी काम किया था.
Neville Tata
नेविल नोएल टाटा के सबसे छोटे बेटे हैं. उनकी उम्र 30 साल है. वह अभी रिटेल चेन ट्रेंट लिमिटेड से जुड़े हुए हैं, जिसकी स्थापना उनकी दादी सिमोन ने की थी. इसके अलावा, नेविल फैशन रिटेल ब्रैंड जूडियो स्टोर्स के ऑपरेशन सहित कई अन्य जिम्मेदारियां भी संभाल रहे हैं. उनकी शादी मानसी किर्लोस्कर से हुई है. बता दें कि मानसी किर्लोस्कर टेक्नोलॉजीज की डायरेक्टर हैं.
टैग्स