होम / बिजनेस / जो शिवराज न कर पाए, शिंदे ने कर दिया, महाराष्ट्र में अब लड़कों के लिए 'लाडला भाई' योजना
जो शिवराज न कर पाए, शिंदे ने कर दिया, महाराष्ट्र में अब लड़कों के लिए 'लाडला भाई' योजना
लाडली बहन योजना के बाद महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार लाडला भाई योजना शुरू करने जा रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में राज्य की एकनाथ शिंदे सरकार जनता को लुभाने में लगी है. हाल ही में सरकार ने मध्य प्रदेश की 'लाडली बहना' योजना की तर्ज पर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने का ऐलान किया था और अब लड़कों के लिए भी एक योजना की घोषणा की है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार 'लाडला भाई' योजना शुरू करने जा रही है. इस योजना के तहत 12वीं पास विद्यार्थियों को 6000 रुपए दिए जाएंगे. इसी तरह, डिप्लोमा धारकों को 8000 और ग्रेजुएट की डिग्री प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों को हर महीने 10,000 रुपए दिए जाएंगे.
लड़के-लड़की में फर्क नहीं
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस योजना की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी सरकार लड़का-लड़की में फर्क नहीं करती, यह योजना बेरोजगारी का समाधान लाएगी. 'लाडला भाई' योजना में युवाओं को फैक्ट्रियों में अप्रेंटिसशिप मिलेगी और सरकार की तरफ से उन्हें वजीफा भी दिया जाएगा. हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने युवा बेरोजगारी का मुद्दा उठाया था, जिसके बाद सरकार ने 'लाडला भाई योजना' की घोषणा की है. उद्धव ठाकरे ने कहा था कि मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना आपको मिल गई लेकिन आप हमारे लड़कों के बारे में भी सोचिए. राज्य में कई युवा बेरोजगार हैं, राज्य के विकास और रोजगार के लिए कोई योजना नहीं है.
महिलाओं को 1500 रुपए
इससे पहले, महाराष्ट्र सरकार ने 27 जून को अपने बजट में 'लाडली बहन' योजना या 'मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना' की घोषणा की थी. बजट में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने की बात कही गई है. इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की आर्थिक रूप से वंचित महिलाओं को सरकार हर महीने 1500 रुपए देगी. सरकार ने इस योजना के लिए बजट में 46000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है. बता दें कि मध्य प्रदेश में मार्च 2023 में बतौर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘लाडली बहना’ योजना की शुरुआत की थी. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1500 रुपए महीना दिए जा रहे हैं और इसे बढ़ाकर 3 हजार का ऐलान शिवराज ने किया था.
शिवराज टाल गए थे सवाल
मध्य प्रदेश में लाडली बहना योजना के बाद यह मांग भी उठी थी कि सरकार लड़कों के लिए भी कोई योजना शुरू करे. उस वक्त मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह से एक रैली के दौरान युवा ने पूछ लिया था कि मामा भांजों के लिए योजना कब शुरू करेंगे? हालांकि, शिवराज सिंह ने इस सवाल को गंभीरता से नहीं लिया. इस मामले में एकनाथ शिंदे, शिवराज से एक कदम आगे निकल गए हैं. उन्होंने लाडला भाई योजना की शुरुआत करके महाराष्ट्र के युवाओं को शिवराज वाला सवाल पूछने से पहले ही तोहफा दे दिया है. माना जा रहा है कि शिंदे की दोनों योजनाएं चुनाव में उन्हें फायदा दिला सकती हैं.
टैग्स