होम / बिजनेस / IRFC Q2 Results: सितंबर तिमाही में ₹1,958 करोड़ का मुनाफा, ₹1.15 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान
IRFC Q2 Results: सितंबर तिमाही में ₹1,958 करोड़ का मुनाफा, ₹1.15 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान
IRFC के तिमाही नतीजों के मुताबिक, सितंबर तिमाही में कंपनी का परिचालन से राजस्व (Revenue from Operations) बढ़कर ₹7,866.41 करोड़ हो गया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है. जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़कर ₹1,958 करोड़ पहुंच गया. वहीं, कंपनी के बोर्ड ने शेयरधारकों के लिए ₹1.15 प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है. कंपनी के मुताबिक, यह अब तक का उसका सबसे बड़ा अंतरिम डिविडेंड है.
ऑपरेशनल रेवेन्यू में 23.5 फीसदी की बढ़ोतरी
IRFC के तिमाही नतीजों के मुताबिक, सितंबर तिमाही में कंपनी का परिचालन से राजस्व (Revenue from Operations) बढ़कर ₹7,866.41 करोड़ हो गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह ₹6,371.89 करोड़ था. इस तरह कंपनी के परिचालन राजस्व में सालाना आधार पर करीब 23.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
कंपनी की कुल आय भी बढ़कर ₹7,924 करोड़ पहुंच गई, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह करीब ₹6,372 करोड़ थी. हालांकि, इस दौरान कंपनी के कुल खर्च में भी इजाफा हुआ. सितंबर तिमाही में कुल खर्च बढ़कर ₹5,966 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में ₹4,595 करोड़ था. खर्च में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी ने अपने शुद्ध मुनाफे में 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज की.
हर शेयर पर ₹1.15 का अंतरिम डिविडेंड
तिमाही नतीजों के साथ IRFC ने शेयरधारकों को अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है. कंपनी के बोर्ड ने ₹10 की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर ₹1.15 के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है. यह शेयर की फेस वैल्यू का 11 फीसदी है.
इस घोषणा के अनुसार, यदि किसी निवेशक के पास कंपनी के 1,000 शेयर हैं, तो उसे कुल ₹1,150 का डिविडेंड मिलेगा. हालांकि, वास्तविक भुगतान लागू कर नियमों और पात्रता शर्तों के अधीन होगा.
23 अक्टूबर है रिकॉर्ड डेट
डिविडेंड का लाभ किन शेयरधारकों को मिलेगा, यह तय करने के लिए IRFC ने 23 अक्टूबर 2026 को रिकॉर्ड डेट निर्धारित की है. रिकॉर्ड डेट के अनुसार पात्र शेयरधारकों को ही अंतरिम डिविडेंड का लाभ मिलेगा.
शेयर में तेजी
तिमाही नतीजों और डिविडेंड की घोषणा के बाद IRFC के शेयर में शुक्रवार को तेजी आई है. खबर लिखे जाने तक शेयर 2.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 80.69 रुपये पर कारोबार कर रहा था. वहीं. गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को BSE पर कंपनी का शेयर 0.94 फीसदी गिरकर ₹79 पर बंद हुआ. इस भाव पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब ₹1.03 लाख करोड़ था. पिछले तीन महीनों में IRFC के शेयर में करीब 11 फीसदी की गिरावट आई है, जबकि छह महीने के दौरान यह लगभग 22 फीसदी फिसला है. एक साल की अवधि में शेयर करीब 36.7 फीसदी टूट चुका है. इस तरह कंपनी के तिमाही नतीजों में मुनाफे और परिचालन राजस्व में बढ़ोतरी देखने को मिली है, लेकिन शेयर का प्रदर्शन अब भी दबाव में है.
टैग्स