होम / बिजनेस / मुनाफे की है चाहत? आज इन शेयरों पर दांव लगाकर आजमा सकते हैं किस्मत
मुनाफे की है चाहत? आज इन शेयरों पर दांव लगाकर आजमा सकते हैं किस्मत
शेयर बाजार के लिए शुक्रवार शुभ रहा था. आज भी मार्केट में तेजी की उम्मीद है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार पिछले हफ्ते तेजी के साथ बंद हुआ था. अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से मिले पॉजिटिव संकेतों के चलते सेंसेक्स शुक्रवार को 899.62 अंक चढ़कर 59,808.97 और निफ्टी 272.45 अंकों की तेजी के साथ 17,594.35 अंकों के लेवल पर बंद हुआ. बाजार के लिए अच्छी बात ये है कि अडानी समूह के शेयरों में तेजी का दौर लौट आया है. उम्मीद है कि आज भी बाजार में तेजी देखने को मिलेगी.
इन शेयरों में दिख रहा दम
अब बात करते हैं, उन शेयरों की जिसमें मोमेंटम इंडिकेटर मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस डिवर्जेंस (MACD) तेजी के संकेत दे रहा है. MACD के मुताबिक, आज यानी सोमवार को Union Bank, IOB, Suzlon Energy और Reliance Power में तेजी देखने को मिल सकती है. यूनियन बैंक के शेयरों ने पिछले कुछ समय में अपने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है. शुक्रवार को ये शेयर 8.90% के उछाल के साथ 72.80 रुपए पर बंद हुआ था. पिछले 5 दिनों में यह 9.15% ऊपर चढ़ा है. IOB यानी इंडियन ओवरसीज बैंक ने भी पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 6.15% की छलांग लगाई थी. 25.90 रुपए के भाव पर मिल रहा ये शेयर बीते 5 कारोबारी दिनों में 7.47% का रिटर्न दे चुका है.
एक दिन में 9.69% की छलांग
पवन ऊर्जा कंपनी Suzlon Energy के लिए भी शुक्रवार शुभ रहा. इस दौरान कंपनी के शेयर तीन फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ 8.50 रुपए पर पहुंच गए. इसका 52-वीक का हाई लेवल 12.15 रुपए है. वहीं, अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर के शेयरों में पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन 9.69% की शानदार तेजी दर्ज की गई. 10.75 रुपए के मूल्य वाले इस शेयर में बीते पांच दिनों में करीब साढ़े तीन फीसदी का उछाल आया है. हालांकि, यह अपने 52-वीक के हाई लेवल 25 रुपए से काफी नीचे ट्रेड कर रहा है.
अडानी के शेयरों पर रखें नजर
आज अडानी समूह के शेयरों पर भी नजर बनाए रखें. अडानी ग्रुप की प्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज में अच्छी खासी तेजी आई है. सिर्फ 4 सत्रों में इस कंपनी के शेयर में 57.5 फीसदी का उछाल आया है. शुक्रवार को यह 17 फीसदी की बढ़त के साथ 1879.35 रुपए पर बंद हुआ था. बाकी के 9 शेयरों की कीमतों में भी पिछले 4 सत्रों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई है. इसी के साथ पिछले 4 ट्रेडिंग सत्रों में अडानी के सभी 10 शेयरों का कुल बाजार पूंजीकरण 1.73 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 8.55 लाख करोड़ पहुंच गया है.
टैग्स