होम / बिजनेस / ट्रेड डील नहीं हुई तो भारत पर 25% अमेरिकी टैरिफ, समझौता होने पर 17% तक रहेगी दर
ट्रेड डील नहीं हुई तो भारत पर 25% अमेरिकी टैरिफ, समझौता होने पर 17% तक रहेगी दर
अमेरिका का यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है और अब तक कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है. फरवरी में दोनों देशों के बीच एक फ्रेमवर्क समझ बनी थी, लेकिन इसे अंतिम समझौते में तब्दील नहीं किया जा सका है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 9 hours ago
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर 15 से 35 फीसदी तक अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है. हालांकि, भारत को इस प्रस्तावित टैरिफ से कुछ राहत मिल सकती है. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर के मुताबिक, अगर भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता हो जाता है तो भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त टैरिफ की दर 17 फीसदी तक सीमित रहेगी. वहीं, समझौता नहीं होने की स्थिति में यह दर बढ़कर 25 फीसदी तक पहुंच सकती है.
अमेरिका का यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है और अब तक कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है. फरवरी में दोनों देशों के बीच एक फ्रेमवर्क समझ बनी थी, लेकिन इसे अंतिम समझौते में तब्दील नहीं किया जा सका है.
14 व्यापारिक साझेदारों पर टैरिफ लगाने की तैयारी
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने बुधवार को 14 व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ प्रस्तावित शुल्क की जानकारी दी. इनमें भारत, चीन और यूरोपीय संघ (EU) समेत कई प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं. ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि ये देश औद्योगिक क्षमता का जरूरत से ज्यादा विस्तार कर रहे हैं और ऐसी व्यापार नीतियां अपना रहे हैं, जिनसे अमेरिकी विनिर्माण क्षेत्र को नुकसान पहुंच रहा है.
ग्रीर ने कहा कि कई व्यापारिक साझेदार ऐसी नीतियां अपना रहे हैं, जो वैश्विक व्यापार को प्रभावित करती हैं. इनसे व्यापार संतुलन उनके पक्ष में झुकता है और अमेरिका का मैन्युफैक्चरिंग बेस कमजोर होता है.
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि प्रस्तावित टैरिफ का उद्देश्य विनिर्माण क्षेत्र में मौजूद संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता से निपटना है.
पहले 50% से घटाकर 18% किया गया था टैरिफ
भारत पर अमेरिकी टैरिफ को लेकर पिछले कुछ महीनों में कई बदलाव हुए हैं. अगस्त 2025 में दोनों देशों के बीच बातचीत विफल होने के बाद अमेरिका ने ज्यादातर भारतीय आयात पर कुल 50 फीसदी तक टैरिफ लगाया था. इसके बाद अमेरिका ने इस दंडात्मक शुल्क को घटाकर 18 फीसदी कर दिया था.
हालांकि, फरवरी 2026 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन की ओर से आपातकालीन शक्तियों के इस्तेमाल के आधार पर लगाए गए व्यापक आयात शुल्क को रद्द कर दिया था. इसके बाद अमेरिकी प्रशासन ने आयात पर 10 फीसदी का बेसलाइन टैरिफ लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया.
अब नए प्रस्ताव के तहत भारत को व्यापार समझौता होने पर 17 फीसदी टैरिफ का विकल्प दिया गया है, जबकि समझौता नहीं होने पर यह दर 25 फीसदी तक हो सकती है.
भारत ने कहा- जांच के दौरान अमेरिका के सामने रखा अपना पक्ष
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि वह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से जारी नोटिस की जांच कर रहा है. मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिकी जांच के दौरान भारत ने स्पष्ट किया था कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त औद्योगिक क्षमता नहीं है.
मंत्रालय ने कहा कि भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान रचनात्मक तरीके से सहयोग किया है. साथ ही, भारत का मानना है कि व्यापार से जुड़े मुद्दों का समाधान दोनों देशों के बीच जारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते की बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए.
दूसरी ओर, USTR ने अपनी समीक्षा में भारत की कई नीतियों को अनुचित व्यापार व्यवहार की श्रेणी में रखा है. इनमें औद्योगिक विस्तार से जुड़ी योजनाएं, श्रमिकों के लिए अपर्याप्त सुरक्षा, वित्तीय क्षेत्र में सरकारी नियंत्रण, बाजार तक पहुंच पर प्रतिबंध और वैश्विक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता से निपटने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाना शामिल है. अमेरिका ने गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं से भारत के आयात और विदेशी निवेश को लेकर भी सवाल उठाए हैं.
किन उत्पादों पर नहीं लगेगा अतिरिक्त टैरिफ?
अमेरिका की ओर से प्रस्तावित अतिरिक्त शुल्क कुछ चुनिंदा आयातित उत्पादों पर लागू होगा. इसे ट्रेड एक्सपेंशन एक्ट 1962 की धारा 232 के तहत पहले से लगाए गए कुछ शुल्कों के ऊपर नहीं लगाया जाएगा. इनमें ऑटोमोबाइल, स्टील, एल्युमीनियम और अन्य उत्पाद शामिल हैं.
इसके अलावा, जबरन मजदूरी के जरिए तैयार किए गए सामानों पर प्रतिबंध लागू करने से जुड़े मुद्दों को लेकर जुलाई में 60 व्यापारिक साझेदारों पर घोषित 10 से 12.5 फीसदी शुल्क के ऊपर भी नया टैरिफ नहीं लगाया जाएगा.
भारत को एशियाई प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले मिल सकती है राहत
एक्सिस बैंक के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (बिजनेस एंड इकोनॉमिक रिसर्च) पुलकित कपूर के मुताबिक, 14 व्यापारिक साझेदारों पर प्रस्तावित नए 'ओवरकैपेसिटी टैरिफ' का उद्देश्य फरवरी 2026 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले मौजूद टैरिफ ढांचे को फिर से तैयार करना है.
उनका कहना है कि भारत के लिए व्यापार समझौते से जुड़ी 17 फीसदी की टैरिफ सीमा, बिना समझौते के प्रस्तावित 25 फीसदी की दर के मुकाबले राहत देने वाली है. यह पहले दिए गए 18 फीसदी के प्रस्ताव से भी मामूली सुधार है और एशियाई प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले भारत की स्थिति को अपेक्षाकृत प्रतिस्पर्धी बनाए रख सकती है.
जनवरी में होगी सार्वजनिक सुनवाई
अमेरिकी प्रशासन अब प्रभावित उद्योगों और कारोबारियों से प्रस्ताव पर उनकी राय मांगेगा. इसके लिए 25 जनवरी को सार्वजनिक सुनवाई आयोजित की जाएगी. एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित शुल्क फरवरी या मार्च से पहले लागू होने की संभावना नहीं है.
ट्रंप लगातार यह दावा करते रहे हैं कि आयात शुल्क बढ़ाने से कंपनियां अमेरिका में अपने मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशन शुरू करने के लिए प्रोत्साहित होंगी. इससे घरेलू स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और संघीय बजट घाटे को कम करने में मदद मिलेगी. हालांकि, पहले लगाए गए टैरिफ को लेकर अमेरिका में महंगाई बढ़ने और कारोबारियों पर आर्थिक दबाव पड़ने जैसी चिंताएं भी सामने आई थीं. ग्रीर ने कहा है कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि टैरिफ के इन नए प्रस्तावों से वैश्विक अर्थव्यवस्था में कोई बड़ा व्यवधान पैदा होगा.
टैग्स