होम / बिजनेस / गिफ्ट निफ्टी 26,000 के पार, बाजार में तेजी के संकेत; आज इन शेयरों में दिखेगी हलचल
गिफ्ट निफ्टी 26,000 के पार, बाजार में तेजी के संकेत; आज इन शेयरों में दिखेगी हलचल
बुधवार को सेंसेक्स 1,502 अंक और निफ्टी करीब 470 अंक की जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए थे. अब निवेशकों की नजर इस तेजी को आगे बनाए रखने पर रहेगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 hours ago
सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार की जोरदार तेजी के बाद गुरुवार को भी बाजार में मजबूती के संकेत मिल रहे हैं. गिफ्ट निफ्टी 90 अंकों से ज्यादा उछलकर 26,000 के पार पहुंच गया है. एशियाई बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार को सहारा मिल सकता है. हालांकि, ब्रेंट क्रूड की कीमतों में उछाल और अमेरिका में महंगाई बढ़ने से निवेशकों की चिंता बनी हुई है. आज निफ्टी के लिए 26,000 का स्तर अहम रहेगा, वहीं ब्लॉक डील, तिमाही नतीजों और नए ऑर्डर के चलते एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स, शेफलर इंडिया, सीमेंस एनर्जी, विप्रो, पंजाब नेशनल बैंक और ल्यूपिन समेत कई शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है.
बुधवार को सेंसेक्स 1,502 अंक और निफ्टी करीब 470 अंक की जोरदार बढ़त के साथ बंद हुए थे. अब निवेशकों की नजर इस तेजी को आगे बनाए रखने पर रहेगी. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी का तकनीकी रुझान मजबूत बना हुआ है. इंडेक्स अपने 20, 50, 100 और 200 दिन के मूविंग एवरेज से ऊपर कारोबार कर रहा है, जो बाजार में तेजी का संकेत है. हालांकि, गिरावट आने पर 25,300 का स्तर अहम सपोर्ट रहेगा. इसके नीचे फिसलने पर निफ्टी 25,000 से 24,800 के दायरे में जा सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि निफ्टी अगर 26,000 के स्तर को मजबूती से पार करता है तो आने वाले हफ्तों में तेजी का नया दौर शुरू हो सकता है. ऐसी स्थिति में इंडेक्स अपने पिछले रिकॉर्ड हाई 26,373 की ओर बढ़ सकता है.
अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार, एशियाई बाजारों में तेजी
बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला. डाउ जोंस 0.33 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि S&P 500 में 0.25 फीसदी और नैस्डैक कंपोजिट में 0.62 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन और बढ़ते निवेश को लेकर चिंताओं के कारण टेक शेयरों पर दबाव बना हुआ है.
इसके उलट, गुरुवार को एशियाई बाजारों में मजबूत कारोबार देखने को मिल रहा है. जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं. एशियाई बाजारों की यह तेजी भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत को सहारा दे सकती है.
$94 के पार पहुंचा ब्रेंट क्रूड, महंगाई बढ़ने की चिंता
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी घरेलू शेयर बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. बुधवार को ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 3.21 डॉलर यानी 3.5 फीसदी बढ़कर 94.61 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. गुरुवार को यह बढ़कर 94.80 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. वहीं, अमेरिकी WTI क्रूड 2 फीसदी की तेजी के साथ 83.68 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा और शुरुआती कारोबार में 84 डॉलर के पार निकल गया.
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी से भारत के आयात बिल, महंगाई और कंपनियों की उत्पादन लागत पर दबाव बढ़ सकता है. इस बीच, अमेरिका में PCE इंडेक्स के आधार पर मापी जाने वाली महंगाई सितंबर के 3.6 फीसदी से बढ़कर 3.8 फीसदी हो गई है. यह आंकड़ा बाजार के अनुमान के अनुरूप रहा, लेकिन महंगाई का ऊंचा स्तर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती को लेकर सतर्क रुख बनाए रखने की आशंका बढ़ाता है.
आज इन शेयरों में दिख सकती है हलचल
विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया और शेफलर इंडिया के शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी. दोनों कंपनियों में संभावित ब्लॉक डील की खबरों से शेयरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. सीमेंस एनर्जी इंडिया का सितंबर तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 81.4 फीसदी बढ़कर 653 करोड़ रुपये हो गया है. कंपनी का रेवेन्यू भी 30.5 फीसदी बढ़कर 3,453 करोड़ रुपये रहा. आईटी कंपनी विप्रो ने ब्रिटेन की ऊर्जा कंपनी BP के साथ रणनीतिक साझेदारी की है. इस समझौते के तहत भारत, हंगरी और मलेशिया में BP के करीब 3,000 कर्मचारी विप्रो में शामिल होंगे. इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने डॉयचे बैंक के साथ समझौता किया है. इसके तहत दोनों बैंक कंपनियों के अधिग्रहण के लिए फंडिंग उपलब्ध कराने के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे.
दवा कंपनी ल्यूपिन को अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (USFDA) से दो उत्पादों के लिए मंजूरी मिली है. इनमें टाइप-2 डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली टैबलेट और त्वचा के बैक्टीरियल संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन शामिल है. अटलांटा इलेक्ट्रिकल्स को आंध्र प्रदेश की बिजली ट्रांसमिशन कंपनी से 523.21 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है. इसके तहत कंपनी 95 पावर ट्रांसफॉर्मर का निर्माण और सप्लाई करेगी.
डायमंड पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस से 488.18 करोड़ रुपये के दो ऑर्डर मिले हैं. जुनिपर ग्रीन एनर्जी की सब्सिडियरी ने NTPC के साथ 150 मेगावाट की विंड-सोलर हाइब्रिड बिजली परियोजना के लिए 25 साल का समझौता किया है. इस परियोजना से सालाना करीब 155 करोड़ रुपये के रेवेन्यू की उम्मीद है.
वहीं, वारी रिन्यूएबल टेक्नोलॉजीज की 875.03 करोड़ रुपये की लंबी अवधि की बैंकिंग सुविधाओं को केयर रेटिंग्स ने स्थिर आउटलुक के साथ A+ रेटिंग दी है. कंपनी की 2,243.72 करोड़ रुपये की अन्य बैंकिंग सुविधाओं पर भी मौजूदा रेटिंग बरकरार रखी गई है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लेने के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स