होम / बिजनेस / भारतीय बाजार में लिस्ट होने की चाहत, आ रहा है Hyundai का आईपीओ!
भारतीय बाजार में लिस्ट होने की चाहत, आ रहा है Hyundai का आईपीओ!
दक्षिण कोरिया की कार निर्माता कंपनी हुंडई भारतीय बाजार में लिस्ट होने के लिए अपना आईपीओ लेकर आ रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
साउथ कोरिया की दिग्गज कार कंपनी हुंडई (Hyundai) भारत में एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है. कंपनी की भारतीय यूनिट 'हुंडई मोटर इंडिया' इंडियन स्टॉक मार्केट में लिस्ट होना चाहती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इसी साल दिवाली के आसपास IPO ला सकती है. अनुमान है कि हुंडई मोटर इंडिया करीब 2.5 लाख करोड़ रुपए के वैल्यूएशन पर लगभग 10% हिस्सेदारी बेचेगी.
सबसे बड़ा होगा IPO!
माना जा रहा है कि अक्टूबर-नवंबर में आने वाला हुंडई मोटर इंडिया का IPO करीब 25 हजार करोड़ रुपए का होगा. यदि ऐसा हुआ तो यह देश में अब तक का सबसे बड़ा IPO होगा. इससे पहले, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का 21 हजार करोड़ रुपए का IPO आया था. उस दौरान, सरकार ने इसमें अपनी 3.5% हिस्सेदारी बेची थी. बता दें कि हुंडई ने भारत में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है. कंपनी की कारों को काफी ज्यादा पसंद किया गया है. Hyundai Creta और Venue की मार्केट में अच्छी डिमांड है.
जनवरी में अच्छे रहे फिगर
यदि हुंडई मोटर इंडिया स्टॉक मार्केट में लिस्ट होती है, तो ये Maruti Suzuki, TATA Motors, Mahindra के बाद चौथी बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी होगी. कंपनी के सेल्स फिगर की बात करें, तो जनवरी 2024 कंपनी के लिए काफी अच्छा रहा. इस दौरान, हुंडई मोटर इंडिया ने टाटा मोटर्स को पछाड़ भारत में दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी का खिताब हासिल किया. हुंडई ने जनवरी में घरेलू बाजार में 57,115 कारें बेचीं. जबकि, टाटा मोटर्स ने 53,633 कारें बेचीं. वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने जनवरी 2024 में 43,068 एसयूवी यूनिट्स बेचीं.
15% बाजार पर कब्जा
हुंडई मोटर इंडिया की थोक वाहन बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 8.5% की बढ़ोतरी के साथ 67,615 यूनिट रही. इसी तरह, घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 14% वृद्धि के साथ 57,115 यूनिट रही, जनवरी 2023 में ये आंकड़ा 50,106 यूनिट था. हुंडई ने 1996 में भारत में बिजनेस शुरू किया था. अपनी दमदार कारों के बल पर कंपनी ने जल्द ही भारत में अपनी एक अलग पहचान बना ली. आज भारतीय बाजार में कंपनी के पास 15 प्रतिशत मार्केट शेयर है. फिलहाल हुंडई भारत में 13 मॉडल बेचती है.
टैग्स