होम / बिजनेस / IPO से पहले OYO की वैल्यूएशन में भारी गिरावट, घटकर हुई इतने करोड़, करना पड़ा निवेश
IPO से पहले OYO की वैल्यूएशन में भारी गिरावट, घटकर हुई इतने करोड़, करना पड़ा निवेश
कभी कंपनी की वैल्यूएशन 10 अरब डॉलर हुआ करती थी जो अब ढ़ाई अरब डॉलर के करीब ही रह गई है.वहीं, अब कंपनी का आईपीओ भी इस हालत में लंबे समय के लिए टलने की उम्मीद है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी OYO आईपीओ लाने की तैयारी कर ही रही थी कि उससे पहले ही कंपनी बड़ी मुसीबत में फंस गई. दरअसल, बजट होटल कंपनी OYO के वैल्यूएशन में भारी गिरावट आ गई है. कभी कंपनी की वैल्यूएशन 10 अरब डॉलर हुआ करती थी जो अब ढ़ाई अरब डॉलर के करीब ही रह गई है. आलम यह है कि OYO के फाउंडर रितेश अग्रवाल ने हालिया फंडिंग राउंड में 830 करोड़ रुपये का निवेश किया है. सिंगापुर की यूनिट पेशेंट कैपिटल (Patient Capital) के माध्यम से कंपनी के नवीनतम फंडिंग दौर में 830 करोड़ रुपये का यह पैसा निवेश किया गया है. इस निवेश की मदद से OYO ने 1457 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं.
वैल्यूएशन में आई बड़ी गिरावट
जानकारी के अनुसार, नए फंडिंग राउंड के बाद OYO की वैल्यूएशन में लगभग 75 फीसदी की गिरावट आई है. साल 2019 में जहां OYO की मार्केट वैल्यू 10 अरब डॉलर आंकी गई थी, वहीं अब इसकी वैल्यूएशन सिर्फ 2.4 अरब डॉलर रह गई है. फंडिंग की पहली किस्त के तौर पर 416.85 करोड़ रुपये जुलाई, 2024 में इनक्रेड वेल्थ के नेतृत्व में आए थे. इसके बाद 8 अगस्त को एक कंपनी की ईजीएम में शेयरहोल्डर्स ने 1047 करोड़ रुपये और जुटाने की मंजूरी दे दी थी.
वैल्यूएशन से भी नीचे हुआ फंडिंग राउंड
इस फंडिंग राउंड में इनक्रेड वेल्थ (InCred Wealth) ने 76 करोड़ रुपये का निवेश किया है. मैनकाइंड फार्मा फैमिली के जेएंडए पार्टनर्स (J&A Partners) ने 120 करोड़ रुपये और एएसके (ASK) ने 14 करोड़ रुपये का निवेश किया है. इसके साथ ही कंपनी की वैल्यूएशन 2019 के 10 अरब डॉलर से घटकर 2.4 अरब डॉलर हो गई है. द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, डेटा एनालिसिस फर्म ट्रैक्सन (Tracxn) ने जानकारी दी है कि 4 जुलाई, 2024 को ओयो की मार्केट वैल्यू 2.72 बिलियन डॉलर थी. फंडिंग राउंड में यह इस स्तर से भी नीचे चली गई है.
लंबे समय तक के लिए टल सकता है IPO!
सूत्रों ने दावा किया है कि अब OYO का आईपीओ (OYO IPO) लंबे समय के लिए टल सकता है. कंपनी को उम्मीद है कि नए फंडिंग राउंड के बाद आने वाली तिमाहियों में उसका मुनाफा बढ़ने की पूरी उम्मीद है. अब कंपनी लगातार तिमाहियों में मुनाफा कमाने के बाद ही आईपीओ पर आगे बढ़ेगी. इसके साथ ही रितेश अग्रवाल ने OYO में अपनी हिस्सेदारी भी कम करने का भरोसा दिलाया है. नई फंडिंग के बाद अब कंपनी में उनकी हिस्सेदारी बढ़कर 32.57 फीसदी पहुंच जाने वाली है.
टैग्स