होम / बिजनेस / एक्टिंग में नहीं जमा रंग, लेकिन बिजनेस में चमक गई किस्मत; अब आ रहा है IPO
एक्टिंग में नहीं जमा रंग, लेकिन बिजनेस में चमक गई किस्मत; अब आ रहा है IPO
Baweja Studios 97.20 करोड़ रुपए का आईपीओ लेकर आ रही है. इसमें 72 करोड़ रुपए के फ्रेश इश्यू और 25.20 करोड़ का OFS शामिल हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
यदि आप फिल्में देखते हैं, तो शायद हरमन बवेजा (Harman Baweja) के नाम परिचित होंगे. बॉलीवुड की कई फिल्मों में बवेजा ने काम किया है. हालांकि, उनका बॉलीवुड करियर खास सफल नहीं रहा. अपनी पहली ही फिल्म 'लव स्टोरी 2050' में प्रियंका चोपड़ा के साथ परफॉर्मेंस के लिए उन्हें आलोचना झेलनी पड़ी. इसके बाद भी उन्होंने फिल्में की, लेकिन परिणाम लगभग वही रहा. लिहाजा उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली. हाल ही में हंसल मेहता की वेब सीरीज 'स्कूप' से उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में लंबे समय बाद वापसी की है. इस शो में उनके अभिनय को काफी सराहा भी गया. फिल्मों से दूर होने के बाद हरमन ने अपने बिजनेस पर ज्यादा फोकस किया और अब उनकी कंपनी का आईपीओ आने वाला है.
29 जनवरी को खुलेगा आईपीओ
हरमन बवेजा की कंपनी का नाम बवेजा स्टूडियोज (Baweja Studios). यह SME IPO 29 जनवरी से 1 फरवरी 2024 तक खुलेगा. यानी कि निवेशक 29 जनवरी से 1 फरवरी तक आईपीओ पर दांव लगा सकेंगे. वहीं, ग्रे मार्केट की बात करें तो यह आईपीओ 25 रुपए के प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस आईपीओ का इश्यू प्राइज 170-180 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है. Baweja Studios का आईपीओ साइज 97.20 करोड़ रुपए है. इसमें 72 करोड़ रुपए के फ्रेश इश्यू और 25.20 करोड़ का OFS शामिल हैं.
एक लॉट में हैं 800 शेयर
आईपीओ के एक लॉट में 800 शेयर हैं, जिसका मतलब है कि निवेशकों को कम से कम इतने शेयरों के लिए दांव लगाना होगा. 5 फरवरी को शेयरों का आवंटन हो सकता है और 6 फरवरी को कंपनी के शेयर बीएसई-एनएसई पर सूचीबद्ध हो सकते हैं. 2001 में स्थापित बवेजा स्टूडियोज लिमिटेड एक प्रोडक्शन कंपनी है. कंपनी चार साहिबजादे, लव स्टोरी 2050, कयामत, स्पीड, मैं ऐसा ही हूं, दिलजले, दिलवाले, तीसरी आंख जैसी हिंदी और पंजाबी फिल्मों का निर्माण कर चुकी है. इसके अलावा, कंपनी ने 'भौकाल; वेबसीरीज का प्रोडक्शन भी किया है.
आलोचनाओं ने किया था आहत
Baweja Studios के प्रमोटर्स में हरजसपाल सिंह बवेजा, परमजीत हरजसपाल, हरमन बवेजा और रोवेना बवेजा शामिल हैं. हरमन कंपनी के सीईओ हैं. हरमन के फिल्मी सफर की बात करें, तो उन्हें इस बात का दुःख है कि बॉलीवुड में उन्हें सफलता नहीं मिली. पिछले साल एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि फिल्मों के प्रदर्शन और आलोचनाओं से मैं बहुत निराश था. अपने अंदर के अभिनेता को जीवित रखने की कोशिश भी नहीं की, क्योंकि अगर ऐसा करता तो मैं जीवन में आगे नहीं बढ़ पाता. हरमन ने स्वीकार किया कि क्रूर आलोचना ने उन्हें बहुत ज्यादा आहत किया था.
टैग्स