होम / बिजनेस / अलविदा 2023: LIC को 'अच्छे दिन' वाली फीलिंग दे गया ये साल, खूब हुई कमाई
अलविदा 2023: LIC को 'अच्छे दिन' वाली फीलिंग दे गया ये साल, खूब हुई कमाई
एलआईसी ने कई कंपनियों के स्टॉक में पैसा लगाया हुआ है. इस साल उसे इन कंपनियों के शेयरों से अच्छी-खासी कमाई हुई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी (LIC) के लिए मौजूदा साल अच्छा रहा. हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी समूह में निवेश को लेकर LIC कुछ समय तक सवालों के घेरे में भी रही, लेकिन इस घेरे की पकड़ जल्द ही ढीली हो गई. भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने जिन कंपनियों में निवेश किया है, उनसे इस साल अच्छा-खासा प्रॉफिट कमाया है. LIC के पोर्टफोलियो में करीब 260 कंपनियों के शेयर हैं और इस साल उसने शेयर मार्केट से करीब 2.28 लाख करोड़ रुपए की कमाई की है.
इतनी भर गई झोली
मीडिया रिपोर्ट्स में Ace Equity के हवाले से बताया गया है कि पिछले साल दिसंबर में LIC की ओवरऑल होल्डिंग्स की मार्केट वैल्यू 9.61 लाख करोड़ थी जो अब 11.89 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गई है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बीमा कंपनी के झोली 2023 में कितनी भर गई. यह कैलकुलेशन सितंबर के अंत में LIC की शेयरहोल्डिंग और शेयरों के मौजूदा मार्केट प्राइज के आधार पर की गई है. एलआईसी के लिए जिन शेयरों ने सबसे ज्यादा कमाई की है, उनमें कोल इंडिया, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), बजाज ऑटो, टाटा मोटर्स और NTPC शामिल हैं.
L&T और कोल इंडिया
पिछले एक साल में एलआईसी की L&T में हिस्सेदारी की वैल्यू 36,165 करोड़ से बढ़कर 52,786 करोड़ रुपए हो गई है. यह शेयर लगातार भाग रहा है. इस साल अब तक इसमें 69.66% की तेजी दर्ज हो चुकी है. पिछले एक महीने में ही यह 16.23% ऊपर चढ़ चुका है. इस वजह से कंपनी में एलआईसी की होल्डिंग की वैल्यू में भी वृद्धि हुई है. इसी तरह LIC की पिछले एक साल में कोल इंडिया में हिस्सेदारी की वैल्यू 15,266 करोड़ से बढ़कर 24,087 करोड़ रुपए पहुंच चुकी है. इस साल यह शेयर 63.98% चढ़ा है और कंपनी में LIC की होल्डिंग्स की वैल्यू में 58% का इजाफा हुआ है.
Adani पोर्ट ने दिया प्रॉफिट
वहीं, NTPC में देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी की हिस्सेदारी का मूल्य 86 प्रतिशत बढ़कर 2,400 करोड़ रुपए पहुंच गया है. इसी तरह, टाटा मोटर्स पर दांव लगाना भी LIC के लिए फायदे का सौदा रहा है. एक साल पहले TATA Motors में एलआईसी की होल्डिंग्स की वैल्यू 6722 करोड़ रुपए थी, जो अब 13519 करोड़ पहुंच चुकी है. जबकि अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड में एलआईसी की हिस्सेदारी का मूल्य 16156 करोड़ से बढ़कर 19969 करोड़ रुपए हो गया है. एलआईसी ने सुजलॉन एनर्जी में भी पैसा लगाया हुआ है. इस कंपनी में एलआईसी की होल्डिंग्स की वैल्यू 148 करोड़ से बढ़कर 519 करोड़ रुपए पहुंच गई है. इसके अलावा, भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स (BHEL) में उसकी हिस्सेदारी की वैल्यू 2778 करोड़ से 6328 करोड़ रुपए हो गई है. रिपोर्ट बताती है कि एलआईसी के पोर्टफोलियो में शामिल करीब 21 शेयरों ने 2023 में मल्टीबैगर रिटर्न दिया है.
टैग्स