होम / बिजनेस / गौतम अडानी का रिटायरमेंट प्लान आया सामने, जानें किसे मिलेगी समूह की कमान
गौतम अडानी का रिटायरमेंट प्लान आया सामने, जानें किसे मिलेगी समूह की कमान
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी 70 साल की उम्र में रिटायर होने की योजना बना रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी (Adani Group Chairman Gautam Adani) कब रिटायरमेंट की योजना बना रहे हैं, इसे लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अडानी 70 वर्ष की उम्र में कारोबार की जिम्मेदारियों से मुक्त होना चाहते हैं. अभी गौतम अडानी की उम्र 62 साल है, इस लिहाज से 8 साल बाद वह रिटायरमेंट ले सकते हैं.
लंच पर पूछा सवाल
रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी वर्ष 2030 के शुरुआती महीनों में समूह की कमान अपने बेटों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि गौतम अडानी ने अपने दो बेटों और भतीजों से लंच के दौरान एक आश्चर्यजनक सवाल पूछा. उन्होंने पूछा कि क्या वे समूह के कारोबारों को विभाजित करके अलग होना पसंद करेंगे या एकजुट होकर काम करना चाहेंगे? गौतम अडानी ने उन्हें इस सवाल का जवाब देने के लिए तीन महीने का समय दिया है.
उत्तराधिकारी महत्वपूर्ण
यह पहली बार है जब गौतम अडानी के रिटायरमेंट और उनके उत्तराधिकारी को लेकर ऐसी खबर सामने आई है. अडानी ने ब्लूमबर्ग के साथ इंटरव्यू में कहा कि कारोबार के टिके रहने के लिए उत्तराधिकारी बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है. उन्होंने आगे कहा कि अगली पीढ़ी के पास समूह की कमान बेहतर ढंग से पहुंचे, इसका विकल्प उन्होंने दूसरी पीढ़ी पर छोड़ दिया है.
ऐसा है पोर्टफोलियो
गौतम अडानी ने अपने कारोबार को बुलंदियों पर पहुंचाया है. समूह के पोर्टफोलियो में 10 लिस्टेड कंपनियां हैं, जिसका कुल बाजार पूंजीकरण यानी मार्केट कैप करीब 21.3 हजार करोड़ डॉलर है. अडानी समूह इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर पोर्ट्स, शिपिंग, सीमेंट, सोलर एनर्जी और मीडिया आदि सेक्टर्स में फैला हुआ है.
क्या है बच्चों के मन में?
रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडानी के सवाल के जवाब में उनके बेटे करण और जीत एवं भतीजे प्रणव और सागर ने कहा कि वे एक परिवार के रूप में कारोबार चलाना चाहते हैं. हालांकि, इसके बावजूद गौतम अडानी ने इन्हें अच्छी तरह विचार-विमर्श के लिए तीन महीने का समय दिया है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट बताती है कि चारों उत्तराधिकारियों को फैमिली ट्रस्ट का बराबर हिस्सा मिलेगा.
टैग्स