होम / बिजनेस / Foxconn के सीईओ Young Liu को पद्म भूषण, चीन को मिर्ची लगना तय
Foxconn के सीईओ Young Liu को पद्म भूषण, चीन को मिर्ची लगना तय
पिछले साल जब फॉक्सकॉन के चेयरमैन यंग लियू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात की थी, तो इसके कई मायने निकाले गए थे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
भारत सरकार ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिससे चीन को मिर्ची लगना तय है. सरकार ने ताइवान की दिग्गज कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अध्यक्ष यंग लियू (Young Liu) को पद्म भूषण से सम्मानित किया है. दुनिया की सबसे बड़ी कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी फॉक्सकॉन पिछले कुछ समय से चीन के बजाए भारत पर ज्यादा फोकस कर रही है. कंपनी की भारत में बड़े निवेश की भी योजना है. जाहिर है ऐसे में भारत का यंग लियू को पद्म भूषण से सम्मानित करना चीन को पसंद नहीं आएगा.
तीन कंपनियों की स्थापना
फॉक्सकॉन की आधिकारिक वेबसाइट बताती है कि लियू एक उद्यमी और प्रर्वतक हैं, जिनके पास उद्योग जगत में चार दशकों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने 1988 में एक मदरबोर्ड कंपनी जिसे 'यंग माइक्रो सिस्टम्स' के नाम से जाना जाता है की स्थापना की थी. इसके बाद 1995 में उन्होंने एक नॉर्थब्रिज और साउथब्रिज आईसी डिजाइन कंपनी बनाई, जो पीसी चिपसेट पर केंद्रित है. इसके अलावा, यंग लियू ने 1997 में ITeX की स्थापना की. इस तरह उन्होंने कुल तीन कंपनियों को खड़ा किया है. ,
70% iPhones बनाती है कंपनी
लियू ने 1986 में दक्षिणी कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में डिग्री ली और 1978 में ताइवान के नेशनल चियाओ तुंग विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रोफिजिक्स में बीएस किया. लगभग 70% iPhones असेंबल करने वाली फॉक्सकॉन COVID-19 व्यवधानों और भूराजनीतिक तनाव के बाद अपने उत्पादन में विविधिता ला रही है. इसके तहत कंपनी चीन पर निर्भरता छोड़ते हुए दूसरे देशों, खासकर भारत का रुख कर रही है. भारत से नजदीकी के चलते उसे चीन में परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है.
छिन सकता है China का तमगा
पिछले साल जब फॉक्सकॉन (Foxconn) के चेयरमैन यंग लियू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात की थी, तो इसके कई मायने निकाले गए थे. कुछ वक्त पहले खबर आई थी कि फॉक्सकॉन भारत में प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए 70 करोड़ डॉलर का निवेश करने की तैयारी में है, जो भारत में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में बताया गया था कि फॉक्सकॉन भारत में उत्पादन बढ़ाने के लिए बेंगलुरु में एक नया प्लांट लगाएगी. करीब 300 एकड़ में बनने वाले इस प्लांट में आईफोन के पार्ट्स बनाए जाएंगे. दुनिया में कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स का सबसे ज्यादा उत्पादन चीन में होता है. माना जा रहा है कि फॉक्सकॉन के भारत पर ज्यादा फोकस करने और यहां अपनी मौजूदगी को बढ़ाने से चीन से यह तमगा छिन सकता है.
टैग्स