होम / बिजनेस / तीन महीने में पैसे को किया डबल, पर अब जल्दी बेच दें ये शेयर; एक्सपर्ट ने दी 'सेल रेटिंग'
तीन महीने में पैसे को किया डबल, पर अब जल्दी बेच दें ये शेयर; एक्सपर्ट ने दी 'सेल रेटिंग'
ऐसा स्टॉक, जिसने तीन महीने से भी कम समय में इंवेस्टर्स के पैसे को डबल कर दिया, पर एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले समय में उसके शेयर्स में 30 फीसदी तक गिरावट आ सकती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
नई दिल्ली: कुछ मल्टीबैगर स्टॉक्स ऐसे भी होते हैं, जो निवेशकों को मालामाल कर देते हैं, पर कई बार ऐसा होता है कि निवेशकों की चांदी करवाने के बाद वे धड़ाम भी हो जाते हैं. इसलिए हमेशा यह सलाह दी जाती है कि आपने शेयर बाजार में जिस कंपनी में निवेश किया है, उसकी गतिविधियों पर हमेशा नजरें बनाए रखें. इस कड़ी में आज हम आपको एक ऐसे स्टॉक के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने तीन महीने से भी कम समय में इंवेस्टर्स के पैसे को डबल तो कर दिया, पर एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले समय में उसके शेयर्स में 30 फीसदी तक गिरावट आ सकती है. इसलिए उसे सेल रेटिंग दी गई है. इस स्टॉक का नाम है- JSW Energy.
ब्रोकरेज फर्म ने क्या रखा है टारगेट प्राइस
JSW Energy देश की दिग्गज पावर कंपनियों में गिनी जाती है. इसके स्टॉक्स में पिछले एक महीने में 15 फीसदी की तेजी देखी गई है, बावजूद आने वाले समय में इसके शेयर्स में गिरावट देखने को मिल सकती है. ब्रोकरेज फर्म ICICI सिक्योरिटीज ने इस कंपनी के शेयर का टारगेट प्राइस 236.30 रुपये रखा है और अभी इस कंपनी के शेयर्स 340 रुपये के आस-पास ट्रेड कर रहे हैं. इस लिहाज से इसमें लगभग 30 फीसदी की गिरावट देखने को मिल सकती है.
ब्रोकरेज फर्म ने दी सेल रेटिंग
ICICI सिक्योरिटीज ने JSW Energy के शेयर के लिए सेल रेटिंग दी है. हालांकि 2022-23 की दूसरी तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट सालाना आधार पर 37.3 प्रतिशत ज्यादा रहा है, कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू भी 14.4 प्रतिशत ज्यादा है, पर EBITDA 4.3 प्रतिशत गिरावट के साथ 890 करोड़ रुपये रह गया है, जो कंपनी के शेयर्स के लिए अच्छी रिपोर्ट नहीं कही जा सकती.
नेट जेनेरेशन में दिखी गिरावट
सितंबर 2022 की तिमाही में मर्चेंट सेल्स में 17.8 फीसदी की गिरावट आई है और रत्नागिरी प्लांट के मेंटेनेंस शटडाउन का असर भी जेनेरेशन पर पड़ा है. प्लांट के मेंटेनेंस शटडाउन के कारण नेट जेनेरेशन में 1.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे कंपनी के कारोबार पर इंपैक्ट पड़ा है. खबर ये भी है कि कंपनी ग्रिड कनेक्टेड रिन्यूएबल एनर्जी के अलावा हाइड्रो-पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स, BESS और ग्रीन हाइड्रोजन में भी निवेश की तैयारी कर रही है. इसके अलावा कंपनी पॉलीसिलिकॉन बनाने की योजना पर भी काम कर रही है.
182 से सीधे 369 रुपये का हो गया भाव
आपको बता दें कि 20 जून, 2022 को JSW Energy के एक शेयर का भाव 182 रुपये था, जो 52 हफ्ते के रिकॉर्ड का सबसे निचला स्तर था. इसके बाद कंपनी के शेयर्स में जबर्दस्त उछाल आया और 5 सितंबर 2022 को इसके एक शेयर का भाव 103 फीसदी की उछाल के साथ 369 रुपये पर पहुंच गया. यह एक साल का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर था. पिछले एक महीने में इसके शेयर में 15 फीसदी की उछाल देखने को मिली है, पर यह अभी भी एक साल के रिकॉर्ड स्तर के मुकाबले 9 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है.
नोट: शेयर बाजार में निवेश जोखिमभरा होता है. BW Hindi किसी भी प्रॉफिट या लॉस का दावा नहीं करता, इसलिए किसी भी शेयर में निवेश करने या उसे बेचने से पहले किसी मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.
टैग्स