होम / बिजनेस / क्या ED को Paytm के खिलाफ जांच में कुछ मिला? सामने आई बड़ी जानकारी
क्या ED को Paytm के खिलाफ जांच में कुछ मिला? सामने आई बड़ी जानकारी
रिजर्व बैंक की कार्रवाई के बाद से Paytm लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. अब एक और बड़ी खबर सामने आई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की कार्रवाई के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) की जांच की भी खबरें सामने आई थीं. ऐसे में यह सवाल लाजमी हो जाता है कि क्या ED को पेटीएम के खिलाफ कुछ ऐसे मिला, जो कंपनी की मुश्किलों में इजाफा कर सकता है? प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से भले ही इस बारे में ज्यादा कुछ न बताया गया हो, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में इस सवाल का जवाब मिल गया है. बताया जा रहा है कि ED को PPBL के लेनदेन की हालिया जांच के दौरान फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) का कोई उल्लंघन नहीं मिला है.
RBI दिखा सकती है सख्ती
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) कथित गैर-अनुपालन के कुछ अन्य मामलों को लेकर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है. ईडी ने इस सप्ताह की शुरुआत में पेटीएम पेमेंट्स बैंक के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू की थी. इस जांच की बात RBI द्वारा पेटीएम की सहायक कंपनी पर लगाए गए तमाम तरह के प्रतिबंधों के कुछ दिनों बाद सामने आई थी. ईडी को कंपनी के वित्तीय लेनदेन की जांच का काम सौंपा गया था. बता दें कि ईडी फेमा और धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के उल्लंघनों या अपराधों की जांच करती है.
ये भी पढ़ें - Paytm ने इस बैंक के साथ की साझेदारी, ट्रांसफर किया अपना नोडल अकाउंट
मनी लॉन्ड्रिंग की जांच नहीं
ED ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक के खिलाफ RBI की कार्रवाई के बाद पेटीएम के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ की थी और उनसे कुछ दस्तावेज भी हासिल किए थे. मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि प्रवर्तन निदेशालय को अपनी जांच में PMLA में सूचीबद्ध किसी अपराध के साक्ष्य नहीं मिले हैं. इसलिए कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच नहीं की जा सकती. इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक पेटीएम पेमेंट बैंक के लिए जमा और क्रेडिट लेनदेन की समयसीमा 15 मार्च तक बढ़ा दी है. गौरतलब है कि RBI ने 31 जनवरी को निर्देश दिया था कि Paytm 29 फरवरी, 2024 के बाद किसी भी ग्राहक खाते, वॉलेट, फास्टैग और अन्य उपकरणों में जमा या टॉप-अप स्वीकार करना बंद कर दे.
टैग्स