होम / बिजनेस / इस साल IPOs ने कंपनियों को दिया उम्मीद से ज्यादा, निवेशकों के चेहरे भी चमके
इस साल IPOs ने कंपनियों को दिया उम्मीद से ज्यादा, निवेशकों के चेहरे भी चमके
इस साल अब तक जितने भी आईपीओ आए हैं उनमें से अधिकांश निवेशकों की उम्मीद पर पूरी तरह खरे उतरे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
शेयर बाजार (Stock Market) में निवेश करने वालों के लिए जहां आईपीओ पैसा कमाने का बेहतरीन ऑप्शन है. वहीं, कंपनियां भी इसे अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के शानदार विकल्प के रूप में देखती हैं. IPO यानी इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग से केवल बड़ी कंपनियों के ही 'अच्छे दिन' नहीं आते बल्कि छोटी और मझोली कंपनियां (SME) भी अब रिकॉर्ड बना रही हैं. हाल ही में आए Accent Microcell SME के IPO को भी जबरदस्त रिस्पांस मिला है. कंपनी के आईपीओ को रिकॉर्ड 18,900 करोड़ रुपए के लिए आवेदन मिले, जबकि कंपनी को केवल 78 करोड़ रुपए ही जुटाने थे.
362 गुना हुआ सब्सक्राइब
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार को बंद हुए Accent Microcell के इश्यू को 362 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला. यह पहली बार है जब किसी SME कंपनी के आईपीओ को रिकॉर्ड 18,900 करोड़ रुपए के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं. इससे पहले बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो को 14,000 करोड़ रुपए के लिए आवेदन मिले थे. इसी तरह, ओरियाना पावर को 7,000 करोड़ रुपए का आवेदन मिला था. जबकि कंपनी को 60 करोड़ ही जुटाने थे. ओरियाना पावर का शेयर 118 रुपए की तुलना में 302 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ था.
इस साल खिले चेहरे
एक रिपोर्ट बताती है कि इस साल अब तक कुल 169 IPOs आए हैं. इसमें से 121 ने लिस्टिंग पर निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी थी. इन्होंने रिकॉर्ड 4000 करोड़ से अदिक जुटाए हैं. वहीं, पिछले साल यानी 2022 की बात करें, तो कुल 109 कंपनियों ने आईपीओ से 1,980 करोड़ रुपए जुटाए थे. 2021 में 59 कंपनियां IPO लेकर आईं और 787 करोड़ रुपए जुटाने में कामयाब रहीं. इसी तरह, 2020 में 27 कंपनियों ने आईपीओ के माध्यम से 168 करोड़ रुपए जुटाए थे. इस साल अब तक आए अधिकांश आईपीओ निवेशकों की उम्मीद पर पूरी तरह से खरे उतरे हैं.
ये भी पढ़ें - Inox के IPO को सबस्क्राइब करने से पहले जान लें ये बातें, जानिये क्या है मार्केट का हाल?
इन्हें मिला तगड़ा रिस्पांस
इस साल सबसे सफल आईपीओ में Kahan Packaging का नाम भी शामिल है. पैकेजिंग सर्विसेज मुहैया कराने वाली इस कंपनी के आईपीओ को इस साल सबसे अधिक बोली मिली थी और यह 730 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था. इसमें भी खुदरा निवेशकों का हिस्सा तो 1042 गुना से अधिक सब्सक्राइब हो गया था. इसी तरह, Net Avenue IPO को 511 गुना, Maitreya Medicare IPO को 446 गुना, एनलॉन टेक को 428 गुना और मधुसूदन मसाला आईपीओ को 444 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था.
क्या होता है IPO?
जब कोई कंपनी इक्विटी मार्केट से यानी शेयर बाजार से पैसे जुटाना चाहती है तो उसके पास बहुत से तरीके होते हैं. उसी में से एक तरीका होता है IPO. दूसरे शब्दों में कहें तो जब कोई कंपनी पहली बार अपने शेयर पब्लिक में बेचने के लिए ऑफर करती है, तो उसे Initial Public Offering या IPO कहते हैं. ये शेयर BSE और NSE जैसे स्टॉक एक्सचेंज के जरिए निवेशकों की खरीद के लिए रखे जाते हैं. जब ये शेयर निवेशकों द्वारा खरीद लिए जाते हैं तो वो कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट हो जाती है. सरल शब्दों में कहें तो कंपनी शेयरों के रूप में अपनी कुछ हिस्सेदार निवेशकों को बेच देती है और उससे पैसा जुटाती है.
टैग्स