होम / बिजनेस / मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रखी ऐतिहासिक प्रोजेक्ट की नींव, 7000 लोगों को मिलेगा रोजगार!
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रखी ऐतिहासिक प्रोजेक्ट की नींव, 7000 लोगों को मिलेगा रोजगार!
नवीन पटनायक द्वारा की गई इस ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी के मौके पर आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरपर्सन कुमार मंगलम भी मौजूद थे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
उड़ीसा से इस वक्त एक काफी बड़ी खबर सामने आ रही है और माना जा रहा है कि दो नए प्रोजेक्टों की नींव रखी गई है और इन प्रोजेक्टों की वजह से राज्य के 7000 लोगों को रोजगार मिल सकता है. दरअसल हाल ही में उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हिंडाल्को (Hindalco) की आदित्य एलुमिना रिफाइनरी (Aditya Alumina Refinery) और उत्कल एलुमिना सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा बनाई जाने वाली कपड़ों की यूनिट की ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी की है.
क्या होती है ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी?
किसी भी महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट या फिर बड़ी फैक्ट्री की शुरुआत ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी से की जाती है. आम भाषा में कहें तो किसी भी प्रोजेक्ट की नींव रखने के कार्यक्रम को ही ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी कहा जाता है. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा की गई इस ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी के मौके पर आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरपर्सन कुमार मंगलम भी मौजूद थे. 5 अक्टूबर को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Hindalco Industries Limited) के साथ रायगढ़ के कान्शारीगुडा में हिंडाल्को एलुमिना रिफाइनरी को कच्चा माल प्रदान करने के लिए एक समझौता किया गया था. सरकार द्वारा की गई ये ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी सरकार के 5T इनिशिएटिव के तहत प्रोजेक्टों को तेजी से लागू करने के लिए जरूरी है.
मिनरल इंडस्ट्री का अध्यक्ष उड़ीसा
मिनरल आधारित इंडस्ट्रीज में उड़ीसा की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज द्वारा एलुमिना रिफाइनरी की स्थापना से राज्य की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी. इस प्रोजेक्ट की बदौलत स्थापित होने वाली फैक्ट्री बॉक्साइट ओर से 2 मीट्रिक टन जितना एलुमिना रिफाइन कर सकती है. यह एक रणनीतिक कदम है और इसकी बदौलत न सिर्फ मिनरल इंडस्ट्री में उड़ीसा की अध्यक्षता बनी रहेगी बल्कि इस प्रोजेक्ट की बदौलत 4000 लोगों को रोजगार भी प्राप्त हो सकता है और इससे राज्य में मौजूद परिवारों के जीवन में सुधार भी होगा.
इन्वेस्टर्स का पसंदीदा बनेगा उड़ीसा
इसके साथ ही आदित्य बिरला ग्रुप ने वादा किया है कि वह रायगढ़ के फूलजुबा गांव में कपड़ों की एक यूनिट की स्थापना भी करेगा. माना जा रहा है कि ये इकाई हर साल लगभग 36 लाख शर्ट का निर्माण कर पाएगी और राज्य के लगभग 3000 युवाओं को इस इकाई से नौकरी मिलने की उम्मीद है. महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्टों की ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी के मौके पर राज्य मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि लॉन्ग टर्म लिंकेज पॉलिसी फॉर मिनरल 2023 को लागू किये जाने के बाद सतत विकास के लिए उड़ीसा इन्वेस्टर्स का पसंदीदा राज्य बन जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सरकार आदित्य बिरला ग्रुप के साथ मिलकर काम करेगी ताकि इन प्रोजेक्टों को आराम से लागू किया जा सके.
यह भी पढ़ें: एविएशन इंडस्ट्री को मिलेगा जबरदस्त तोहफा, Rolls Royce ने शुरु की रिसर्च!
टैग्स