होम / बिजनेस / ग्लोबल बाजारों में हाहाकार, सेंसेक्स-निफ्टी की कमजोर शुरुआत के संकेत; आज इन शेयरों पर रहेगी नजर
ग्लोबल बाजारों में हाहाकार, सेंसेक्स-निफ्टी की कमजोर शुरुआत के संकेत; आज इन शेयरों पर रहेगी नजर
गुरुवार को सेंसेक्स 989.94 अंक उछलकर 83,021 पर और निफ्टी 286 अंक चढ़कर 25,514.30 पर बंद हुआ था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 17 hours ago
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट के साथ कारोबार शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं. अमेरिकी और एशियाई बाजारों में जोरदार बिकवाली के बीच गिफ्ट निफ्टी करीब 180 अंक टूटकर 25,350 के आसपास पहुंच गया है. AI कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन को लेकर बढ़ती चिंताओं ने ग्लोबल निवेशकों की धारणा कमजोर कर दी है. गुरुवार को सेंसेक्स 989.94 अंक उछलकर 83,021 पर और निफ्टी 286 अंक चढ़कर 25,514.30 पर बंद हुआ था, लेकिन शुक्रवार को विदेशी बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेत घरेलू बाजार की तेजी पर ब्रेक लगा सकते हैं.
अमेरिकी बाजारों में भारी बिकवाली
अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को जोरदार बिकवाली देखने को मिली. वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्स एसएंडपी 500 और नैस्डैक में 2 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. AI कंपनी एंथ्रोपिक की शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत के बावजूद ज्यादातर सेक्टर्स में बिकवाली का दबाव बना रहा.
दरअसल, निवेशक AI कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन और टेक्नोलॉजी कंपनियों की भविष्य की कमाई को लेकर सतर्क हो रहे हैं. एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, बाजार की गिरावट संकेत देती है कि निवेशक अब महंगे टेक शेयरों में पैसा लगाने को लेकर ज्यादा सावधानी बरत रहे हैं.
एशियाई बाजारों में भी हाहाकार
अमेरिकी बाजारों में गिरावट का असर शुक्रवार को एशियाई बाजारों में भी दिखाई दिया. शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4 फीसदी से ज्यादा फिसल गए. ग्लोबल इकोनॉमिक ग्रोथ को लेकर चिंताओं और टेक कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन के कारण निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं.
गिफ्ट निफ्टी 180 अंक फिसला, कमजोर शुरुआत के संकेत
गिफ्ट निफ्टी में शुक्रवार सुबह तेज गिरावट देखने को मिली. यह 183 अंक यानी 0.72 फीसदी टूटकर 25,350 के आसपास कारोबार कर रहा था. कारोबार के दौरान इसने 25,484.50 का ऊपरी और 25,333 का निचला स्तर छुआ. पिछले सत्र में गिफ्ट निफ्टी 25,550 के स्तर पर बंद हुआ था.
19 महीने के उच्च स्तर पर डॉलर
अमेरिकी डॉलर में लगातार मजबूती देखने को मिल रही है. शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स 103.9 के आसपास बना हुआ था, जो अप्रैल 2025 की शुरुआत के बाद का उच्चतम स्तर है. डॉलर में पिछले आठ कारोबारी सत्रों से तेजी जारी है. AI शेयरों में बढ़ती अनिश्चितता के बीच निवेशक जोखिम वाले विकल्पों से पैसा निकालकर डॉलर की ओर रुख कर रहे हैं.
निफ्टी में 26,000 तक पहुंचने की उम्मीद
ग्लोबल बाजारों में कमजोरी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार के तकनीकी संकेतों को लेकर कुछ विश्लेषक सकारात्मक हैं. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी ने पिछले कारोबारी सत्र में कमजोर शुरुआत के बाद शानदार वापसी की थी. शुरुआती गिरावट से उबरते हुए इंडेक्स ने पिछले सत्र का पूरा नुकसान खत्म कर दिया और 25,514.30 के स्तर पर बंद हुआ.
पिछले छह कारोबारी सत्रों से निफ्टी 25,050 से 25,500 के दायरे में कारोबार कर रहा था. अब इस दायरे से ऊपर निकलना बाजार में मजबूती का संकेत है. उनके मुताबिक, अगर यह तेजी आगे भी बरकरार रहती है तो निफ्टी 25,800 से 26,000 के स्तर तक पहुंच सकता है.
कच्चे तेल की कीमतों में मामूली तेजी
कच्चे तेल की कीमतों में शुक्रवार को सीमित उतार-चढ़ाव देखने को मिला. ब्रेंट क्रूड करीब आधे फीसदी की तेजी के साथ 92.40 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था.
आज इन शेयरों पर रहेगी नजर
शुक्रवार को बाजार में कमजोरी के बीच ICICI प्रूडेंशियल एएमसी, कीस्टोन रियल्टर्स, एनएलसी इंडिया, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और कोल इंडिया के शेयर फोकस में रहेंगे. सेबी ने ICICI सिक्योरिटीज के पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) कारोबार को ICICI प्रूडेंशियल एएमसी में ट्रांसफर करने की मंजूरी दी है. वहीं, कीस्टोन रियल्टर्स अगले साल मार्च तक मुंबई महानगर क्षेत्र में 5,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजनाएं लॉन्च करने की तैयारी में है. एनएलसी इंडिया की सब्सिडियरी एनएलसी इंडिया रिन्यूएबल्स ने आईपीओ के जरिए 3,300 करोड़ रुपये जुटाने के लिए सेबी के पास शुरुआती दस्तावेज जमा किए हैं. भारती एयरटेल ने ब्रांड वैल्यू के मामले में एचडीएफसी बैंक को पीछे छोड़कर कैंटर की 2026 की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है. एक्सिस बैंक को चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में एमएसएमई कर्ज में 25 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है, जबकि कोल इंडिया को रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट बनाने की इकाई स्थापित करने के लिए भारी उद्योग मंत्रालय से आशय पत्र मिला है. पंजाब नेशनल बैंक की रेटिंग मूडीज ने बरकरार रखी है और कैपेसाइट इंफ्राप्रोजेक्ट्स को नवी मुंबई में 670 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है. यस बैंक के एटी-1 बॉन्ड निवेशकों ने आरबीआई से अपने हितों की सुरक्षा की अपील की है. दूसरी ओर, आईडीबीआई बैंक के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारियों ने 3 दिसंबर को हड़ताल की चेतावनी दी है. पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस अपनी सिंगापुर स्थित इकाई के जरिए 200 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी, जबकि एल्केम लैबोरेटरीज को दमन स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूएसएफडीए) से चेतावनी पत्र मिला है. अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस को बिहार में बिजली ट्रांसमिशन परियोजना मिली है, जिसका सालाना टैरिफ करीब 500 करोड़ रुपये है. वोल्टास ने एटमबर्ग इनोवेशन के साथ रूम एसी कंप्रेसर के विकास और उत्पादन के लिए संयुक्त उद्यम बनाने का समझौता किया है. इसके अलावा अशोका बिल्डकॉन को सऊदी अरब में 846.38 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है, जबकि आईआईएफएल कैपिटल में फेयरफैक्स की इकाई ने 44.08 फीसदी हिस्सेदारी हासिल की है. सिग्नेचर ग्लोबल ने गुरुग्राम में करीब 10 एकड़ जमीन खरीदी है और दिलीप बिल्डकॉन को गुरुग्राम मेट्रो रेल से जुड़ा स्वीकृति पत्र मिला है. वहीं, टाटा टेक्नोलॉजीज ने 2030 तक अपनी आमदनी दोगुनी करने और ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 20 फीसदी से ऊपर ले जाने का लक्ष्य रखा है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स