होम / बिजनेस / सरकार ने MGNREGA की दरों में किया बदलाव, इतना बढ़ जाएगा वेतन
सरकार ने MGNREGA की दरों में किया बदलाव, इतना बढ़ जाएगा वेतन
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने मनरेगा योजना के तहत मजदूरी की दरों में बदलाव की सूचना 24 मार्च को जारी की थी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
वित्त वर्ष 2023-2024 के लिए केंद्र सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी (MGNREGA) के तहत मजदूरी की दरों में होने वाले बदलावों के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. सरकार द्वारा जारी की गयी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि योजना के अंतर्गत प्रतिदिन के हिसाब से सबसे ज्यादा मजदूरी हरियाणा में दी जायेगी जो 357 रुपये है और सबसे कम मजदूरी 221 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दी जायेगी.
मजदूरी दरों में हुआ इतना बदलाव
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने मनरेगा योजना के तहत मजदूरी की दरों में बदलाव की सूचना 24 मार्च को जारी की थी. यह सूचना मनरेगा-2005 की धारा 6(1) के तहत जारी की गयी थी और इस सूचना में कहा गया था कि, केंद्र सूचना जारी करके योजना के लाभार्थियों के लिए मजदूरी की दरों में बदलाव कर सकता है. मजदूरी की दरों में 7 रुपये से लेकर 26 रुपये तक का बदलाव किया गया है और यह नई दरें 1 अप्रैल 2023 से लागू हो जायेंगी.
इस राज्य में सबसे ज्यादा बढ़ाई गयी मजदूरी दरें
जारी की गयी सूचना की मानें तो मजदूरी की दरों में सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी राजस्थान में की गयी है. 2022-2023 में राजस्थान में मनरेगा के तहत 231 रुपयों का वेतन दिया जाता था जिसे बढ़ाकर अब 255 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है. बिहार और झारखंड में सालाना आधार पर मजदूरी वेतन में 8% की वृद्धि की गयी है. जहां पिछले साल इन राज्यों में 210 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जा सकता था वहीं अब इन राज्यों में 228 रुपये के मजदूरी वेतन का भुगतान किया जाएगा.
इन राज्यों में सबसे कम है मजदूरी का वेतन
साल 2022-23 में छतीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 204 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी वेतन दिया जाता था लेकिन 17% की वृद्धि के बाद अब इन राज्यों में 221 रुपये प्रतिदिन का मजदूरी वेतन दिया जाएगा. नोटिफिकेशन की मानें तो मजदूरी की दरों में सबसे कम बढ़ोत्तरी कर्नाटक, गोवा, मेघालय और मणिपुर जैसे राज्यों में की गयी है.
यह भी पढ़ें: Apple के इस सप्लायर को भा गया भारत, एक और फैक्ट्री लगाने की चल रही तैयारी
टैग्स