होम / बिजनेस / बिहार को मिलेगी 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी करेंगे 6 लेन वाले 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन
बिहार को मिलेगी 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी करेंगे 6 लेन वाले 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन
करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नीतीश सेतु एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड पुल पटना जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 4 hours ago
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें गंगा नदी पर बना छह लेन का नीतीश सेतु, बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी यूनिट, सड़क और शहरी बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित होगा.
गंगा पर बने नीतीश सेतु से उत्तर-दक्षिण बिहार को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गंगा नदी पर बना छह लेन का नीतीश सेतु है. करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड पुल पटना जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ता है.
इस पूरी परियोजना की लंबाई 19.7 किलोमीटर है. इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं. इस पुल के शुरू होने से गंगा पर एक अतिरिक्त सड़क मार्ग उपलब्ध होगा. इससे मौजूदा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने के साथ उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय भी घटने की उम्मीद है.
इससे राघोपुर दियारा के लोगों को भी पटना तक पहुंचने में आसानी होगी. उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी. इसके अलावा कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामान की आवाजाही आसान होने से क्षेत्र में व्यापार और कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें सड़क और बिजली क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण काम शामिल हैं. सड़क क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड को छह लेन का बनाने का काम शामिल है. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-227एफ के चोरमा-बैरगनिया खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-327 के उमगांव-सहरसा खंड से जुड़े कार्य भी शुरू होंगे.
बिजली क्षेत्र में 1,320 मेगावाट क्षमता वाले बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की दूसरी यूनिट का उद्घाटन किया जाएगा. इस यूनिट की क्षमता 660 मेगावाट है.
इसके साथ ही ऊर्जा विभाग की बिजली वितरण और ट्रांसमिशन से जुड़ी परियोजनाएं भी कार्यक्रम का हिस्सा हैं. इनमें रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली वितरण हानि कम करने वाली परियोजनाएं शामिल हैं.
अन्य परियोजनाओं में नहरों और तटबंधों का जीर्णोद्धार एवं मजबूतीकरण, नवादा के फुलवरिया बांध पर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और कहलगांव में सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर का उद्घाटन शामिल है. इसके अलावा शिक्षा संस्थानों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़ी इमारतों का भी उद्घाटन किया जाएगा.
14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
प्रधानमंत्री करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. इनमें सड़क क्षेत्र की एक प्रमुख परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड को चार लेन का बनाना है. इस पर 3,800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है.
ऊर्जा क्षेत्र में पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट से जुड़ी बिजली निकासी परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा. पीरपैंती बिजली परियोजना की प्रस्तावित क्षमता 2,400 मेगावाट है. इसमें 800 मेगावाट की तीन यूनिट स्थापित करने की योजना है. बिजली निकासी से जुड़े बुनियादी ढांचे पर करीब 3,350 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
इसके अलावा बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा समेत कई शहरी क्षेत्रों में सीवरेज और जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी.
इनके अलावा नहर प्रणालियों का आधुनिकीकरण, डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय, आईआईटी पटना रिसर्च पार्क और छात्रावास, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों से जुड़े प्रोजेक्ट भी शामिल हैं. आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था और पुलिस डेटा सेंटर के लिए बुनियादी ढांचे का भी विकास किया जाएगा.
100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई जाएगी हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 100 पीएम-ईबसों को हरी झंडी दिखाएंगे. इसका उद्देश्य बिहार में स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का विस्तार करना है.
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश समारोह भी आयोजित किया जाएगा. इसके जरिए योजना के तहत शहरी परिवारों को मिले आवास का लाभ औपचारिक रूप से सौंपा जाएगा.
टैग्स