होम / बिजनेस / मुश्किल घड़ी में अपने हुए बेगाने, 2 इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स ने छोड़ा Paytm का साथ!
मुश्किल घड़ी में अपने हुए बेगाने, 2 इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स ने छोड़ा Paytm का साथ!
RBI की कार्रवाई के बाद से Paytm मुश्किलों में फंस गई है. आने वाला समय पेटीएम के लिए कैसा होगा अभी नहीं कहा जा सकता.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
ऑनलाइन पेमेंट कंपनी पेटीएम (Paytm) अब तक के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है. रिजर्व बैंक की कार्रवाई के बाद उसके भविष्य पर प्रश्नचिह लग गया है. इस बीच, खबर है कि कंपनी के 2 'अपनों' ने उसका साथ छोड़ दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेटीएम पेमेंट्स बैंक के दो इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स ने कंपनी के बोर्ड से खुद को अलग कर लिया है. इन 2 स्वतंत्र निदेशकों ने मुश्किल घड़ी में कंपनी अकेला छोड़ा है उनके नाम शिंजिनी कुमार और मंजू अग्रवाल बताए जा रहे हैं.
अब केवल 3 इंडिपेंडेंट डायरेक्टर
शिंजिनी कुमार सिटीबैंक और पीडब्ल्यूसी इंडिया का भी हिस्सा रही हैं. जबकि मंजू अग्रवाल ने अपने करियर के 34 साल एसबीआई को दिए और वह डिप्टी एमडी पद से रिटायर हुईं थीं. इन दोनों के इस्तीफों के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक के बोर्ड में अब केवल तीन इंडिपेंडेंट डायरेक्टर रह गए हैं. एक्सेंचर के पूर्व एमडी पंकज वैश्य, इनमें पंजाब एंड सिंध बैंक के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अरविंद कुमार जैन और DPIIT के पूर्व सेक्रेटरी रमेश अभिषेक शामिल हैं. हालांकि, Paytm की तरफ से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
एडवाइजरी कमेटी का गठन
आरबीआई ने हाल ही में पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर कई तरह की पांबदियां लगाई हैं, जिसके तहत बैंक की सेवाओं पर मार्च से रोक लग जाएगी. यहां तक कि 29 फरवरी से वॉलेट या फास्टैग टॉप भी नहीं किया जा सकेगा. यहां से पेटीएम पेमेंट्स बैंक का भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है, लेकिन कंपनी के सीईओ विजय शेयर शर्मा पूरी कोशिश में हैं कि उन्हें कोई अच्छी खबर सुनने को मिले. हाल में उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और आरबीआई के अधिकारियों के मुलाकात की थी. इसके अलावा, कंपनी ने कंप्लायंस और रेगुलेटरी मामलों को मजबूत करने के लिए SEBI के पूर्व चेयरमैन एम दामोदरन की अगुवाई में एक एडवाइजरी कमेटी का गठन भी किया है.
इधर, व्यापारी बना रहे दूरी
उधर, ऐसी भी खबरें सामने आ रही हैं कि व्यापारी Paytm से दूरी बना रहे हैं. उन्होंने Paytm से पेमेंट स्वीकारना भी बंद कर दिया है. दरअसल, कुछ दिनों पहले व्यापारियों के संगठन कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने कारोबारियों को सलाह देते हुए कहा था कि बिजनेस से जुड़े लेन-देन के लिए Paytm के बजाए दूसरे प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करें. CAIT ने एक बयान जारी करते हुए कहा था कि रिजर्व बैंक की कार्रवाई को लेकर देश में व्यापारियों को अपने पैसे की सुरक्षा के लिए अन्य प्लेटफॉर्म्स पर शिफ्ट करना चाहिए. कैट के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन खंडेलवाल का कहना था कि बड़ी तादाद में छोटे-बड़े व्यापारी, विक्रेता, हॉकर Paytm के जरिए पैसों का लेन-देन करते हैं. ऐसे में RBI की कार्रवाई से उन्हें वित्तीय दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. लिहाजा पेटीएम के बजाए किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होना उचित रहेगा.
टैग्स