होम / बिजनेस / Ola इलेक्ट्रिक के IPO के बीच सॉफ्टबैंक ग्रुप के फाउंडर क्यों हैं चर्चा में, क्या है वजह?
Ola इलेक्ट्रिक के IPO के बीच सॉफ्टबैंक ग्रुप के फाउंडर क्यों हैं चर्चा में, क्या है वजह?
ओला इलेक्ट्रिक का आईपीओ कल खुल गया है, पहले दिन आईपीओ 35 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ है. इसमें छह अगस्त तक पैसा लगाया जा सकेगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
ओला इलेक्ट्रिक का आईपीओ (Ola Electric) कल ओपन हो गया है, जिसमें छह अगस्त तक निवेश किया जा सकेगा. इस बीच, ओला के एक बड़े निवेशक सॉफ्टबैंक ग्रुप के फाउंडर मासायोशी सोन (Masayoshi Son) चर्चा में आ गए हैं. हालांकि, इस चर्चा का Ola इलेक्ट्रिक के आईपीओ से कोई लेनादेना नहीं है. सॉफ्टबैंक ने Paytm सहित भारत की कई दूसरी कंपनियों में भी पैसा लगाया है. पेटीएम में उसकी हिस्सेदारी में कमी आई है. इस साल की शुरुआत में उसने अपनी 2.17 प्रतिशत हिस्सेदारी घटा दी थी.
इस तरह आई गिरावट
सॉफ्टबैंक के फाउंडर मासायोशी सोन (Masayoshi Son) को ओला आईपीओ के बीच एक बड़ा झटका लगा है. उनकी नेटवर्थ में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. दरअसल, बैंक ऑफ जापान ने ब्याज दरों में इजाफा कर दिया है, जिससे जापान का स्टॉक मार्केट प्रभावित हुआ है. सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली है और इस वजह से मासायोशी की संपत्ति एक ही झटके में 1.13 अरब डॉलर घट गई है. दुनिया के अमीरों की लिस्ट में मासायोशी सोन 137वें स्थान पर हैं.
इस साल इतना कमाया
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, सॉफ्टबैंक ग्रुप के फाउंडर के पास 14.3 अरब डॉलर की संपत्ति है. इस साल अब तक उन्होंने 2.92 अरब डॉलर कमाए हैं, जिसमें से 1.13 अरब डॉलर उन्होंने एक ही झटके में गंवा दिए हैं. लिहाजा जापान के केंद्रीय बैंक का फैसला उनके लिए काफी बड़ा झटका साबित हुआ है. एक रिपोर्ट में बताया गया है कि जापान के शेयर बाजार में कल सुबह 6.7% की गिरावट देखने को मिली थी, जिसे वर्ष 2020 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट माना जा रहा है.
इनमें भी लगाया है पैसा
जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप के पास ओला इलेक्ट्रिक में बड़ी हिस्सेदारी है. 2019 में सॉफ्टबैंक ने इस भारतीय कंपनी में करीब 1725 करोड़ रुपए निवेश किए थे. सॉफ्टबैंक अब तक ओला इलेक्ट्रिक में लगभग 4161 करोड़ रुपए लगा चुकी है. इसी तरह, सॉफ्टबैंक की निवेश वाली कंपनियों में FirstCry, यूनिकॉमर्स, Paytm और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी OYO भी शामिल है. वहीं, ओला इलेक्ट्रिक के IPO की बात करें तो पहले दिन यानी शुक्रवार को यह 35 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ है.
टैग्स