होम / बिजनेस / कितने अमीर हैं Ajay Banga, जिनके हाथों में आई है World Bank की कमान?
कितने अमीर हैं Ajay Banga, जिनके हाथों में आई है World Bank की कमान?
अजय बंगा भले ही अमेरिकी नागरिक हैं, लेकिन उनकी जड़ें भारतीय हैं, इसलिए उनकी यह जीत भारत के लिए भी बहुत मायने रखती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
भारतीय मूल के अजय सिंह बंगा (Ajay Banga) को वर्ल्ड बैंक (World Bank) का प्रेसिडेंट चुना गया है. वह इस मुकाम पर पहुंचने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं. अब तक इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड यानी IMF या वर्ल्ड बैंक में भारतीय मूल का कोई भी व्यक्ति इस पद पर नहीं पहुंचा था. ऐतिहासिक रूप से वर्ल्ड बैंक की कमान अमेरिका के हाथों में ही रही है, जबकि IMF का अध्यक्ष यूरोपियन होता है. इसलिए यह न केवल अजय बंगा के लिए खुशी की बात है, बल्कि भारत के लिए भी गर्व का विषय है.
प्रतिभा की खान है भारत
अजय सिंह बंगा के वर्ल्ड बैंक का प्रेसिडेंट चुने जाने से फिर एक बार यह साबित हो गया है कि भारत प्रतिभा की खान है और यहां से अनगिनत हीरे निकलते हैं. वर्ल्ड बैंक के 25 सदस्यीय एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने बंगा को 5 सालों के लिए अध्यक्ष नियुक्त किया है. उनका कार्यकाल 2 जून से शुरू होगा. अमेरिकी नागरिक बंगा करीब 12 साल तक मास्टरकार्ड इंक के प्रमुख रहे थे. फिलहाल, वर्ल्ड बैंक की कमान डेविड मालपस के पास है. वैसे उनका कार्यकाल अप्रैल 2024 में खत्म होना था, लेकिन इससे पहले ही पद छोड़ रहे हैं.
चीन ने फिर खाई मुंह की
बंगा का वर्ल्ड बैंक का प्रेजिडेंट बनना पहले से ही तय था, क्योंकि उनके अलावा किसी और ने इस पद के लिए नॉमिनेशन फाइल नहीं किया था. लेकिन इसके बावजूद चीन ने उनकी नियुक्ति में अडंगा लगाने की कोशिश की. चीन को शायद भारतीय मूल के होने के चलते बंगा के नाम पर आपत्ति थी. उसने कहा था कि वह किसी अन्य उम्मीदवार को सपोर्ट कर सकता है. हालांकि, दुनियाभर, खासकर अमेरिका के समर्थन के आगे चीन को पीछे हटने पर विवश होना पड़ा. बंगा भले ही अमेरिकी नागरिक हैं, लेकिन उनकी जड़ें भारतीय हैं, इसलिए उनकी यह जीत भारत के लिए भी बहुत मायने रखती है.
नेस्ले से मास्टरकार्ड तक
अजय बंगा के पास फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजिकल सेक्टर का लंबा अनुभव है, जो वर्ल्ड बैंक के कामकाज को एक नई दिशा दे सकता है. 63 वर्षीय बंगा 1980 के दशक में नेस्ले से जुड़े और करीब एक दशक तक कंपनी में विभिन्न पदों पर काम किया. इसके बाद वह पेप्सिको इंक का हिस्सा बने. उन्होंने मास्टरकार्ड में विभिन्न पदों पर काम किया. वह अमेरिकन रेड क्रॉस, क्राफ्ट फूड्स और डाउ इंक के बोर्ड का भी हिस्सा रहे हैं. अजय अमेरिकी उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ पार्टनरशिप फॉर सेंट्रल अमेरिका के को-चेयर के रूप में काम कर चुके हैं. इसके अलावा भी वह कई संस्थानों से जुड़े रहे हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पिछले महीने अजय सिंह बंगा के नामांकन की घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि बंगा में इतिहास के इस नाजुक वक्त में दुनिया की अगुवाई करने की सभी विशेषताएं हैं.
इतनी है नेटवर्थ
अजय बंगा की दौलत की बात करें, तो 14 जुलाई 2021 तक उनकी अनुमानित नेट वर्थ करीब 206 मिलियन डॉलर यानी करीब 1700 करोड़ रुपए थी. मास्टरकार्ड के सीईओ के तौर पर उन्हें सालाना 23,250,000 डॉलर का पैकेज मिलता था. उनके पास 113,123,489 डॉलर से अधिक मूल्य के मास्टरकार्ड स्टॉक भी थे. पिछले 13 साल में उन्होंने 69,986,261 डॉलर से ज्यादा मूल्य के इन शेयरों को बेचा है. बंगा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्फीफंस कॉलेज से इकनॉमिक्स की डिग्री ली और फिर IIM अहमदाबाद से MBA किया था.
टैग्स