होम / बिजनेस / मुश्किल में घिरे Adani के लिए पड़ोस से आई 'अच्छी खबर', जानें क्या है मामला
मुश्किल में घिरे Adani के लिए पड़ोस से आई 'अच्छी खबर', जानें क्या है मामला
गौतम अडानी की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी को श्रीलंका में बड़ा ठेका मिला है. यह समूह का श्रीलंका में दूसरा प्रोजेक्ट होगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
हर रोज नुकसान उठा रहे गौतम अडानी के लिए श्रीलंका से अच्छी खबर आई है. अडानी ग्रुप (Adani Group) को पड़ोसी श्रीलंका में एक बड़ा प्रोजेक्ट मिला है. आर्थिक बदहाली का सामना कर रहे श्रीलंका ने अडानी ग्रुप के 44.2 करोड़ डॉलर के निवेश को मंजूरी दे दी है. अडानी समूह श्रीलंका में एक पावर विंड प्रोजेक्ट लगाएगा, जिससे 2025 तक बिजली का उत्पादन शुरू हो जाएगा.
श्रीलंका में दूसरा ठेका
श्रीलंका के बोर्ड ऑफ इनवेस्टमेंट ने कहा कि अडानी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) देश के उत्तरी इलाके में दो विंड फार्म्स डेवलप करेगी. 2025 में इनसे बिजली की सप्लाई होने लगेगी. बता दें कि अडानी ग्रुप का श्रीलंका में यह दूसरे बड़ा प्रोजेक्ट होगा. इससे पहले 2021 में उसे कोलंबो में स्ट्रैटजिक पोर्ट टर्मिनल बनाने का ठेका मिला था, जिसकी लागत 70 करोड़ डॉलर है.
मिनिस्टर ने की मुलाकात
श्रीलंका के एनर्जी मिनिस्टर कंचन विजयशेखर ने बताया कि विंड फार्म प्रोजेक्ट को फाइनल करने के लिए उन्होंने बुधवार को कोलंबो में अडानी ग्रुप के अधिकारियों से मुलाकात की थी. उम्मीद है कि यह पावर प्लांट दिसंबर 2024 तक शुरू हो जाएगा. संकट में घिरे अडानी समूह के लिए श्रीलंका में निवेश का ठेका मिलना एक अच्छा संकेत है. पिछले महीने हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के आने के बाद इसके मार्केट कैप में 120 बिलियन डॉलर से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है.
नहीं थम रही गिरावट
वहीं, स्टॉक मार्केट की बात करें, तो हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी आज भी अडानी ग्रुप के अधिकतर शेयर लाल निशान पर बंद हुए. अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 5.11% गिरकर 1,312 रुपये पर बंद हुआ. अडानी पावर में इस दौरान करीब 5 फीसदी की नरमी आई और यह 146.65 रुपए के लेवल पर बंद हुआ. अडानी ट्रांसमिशन और अडानी टोटल गैस में भी 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, अडानी पोर्ट में आज 1.44% की तेजी दर्ज की गई. यह 559.80 रुपए पर बंद हुआ है.
टैग्स