होम / बिजनेस / कर्ज नहीं चुकाने के सवाल पर आया Adani समूह का बयान, कही ये बात
कर्ज नहीं चुकाने के सवाल पर आया Adani समूह का बयान, कही ये बात
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अडानी समूह की कुछ कंपनियों के शेयर अब भी गिरवी हैं, जिसका मतलब है कि कर्ज पूरा नहीं चुकाया गया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अडानी ग्रुप (Adani Group) ने उन मीडिया रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें समूह के कर्ज चुकाने के दावे पर सवाल खड़े किए गए हैं. समूह की तरफ से कहा गया है कि उसने 2.15 बिलियन डॉलर के मार्जिन लिंक्ड शेयर बैक्ड लोन का रीपेमेंट पूरा कर दिया है. इससे पहले, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि अडानी समूह ने 2.15 बिलियन डॉलर के शेयरों के बदले लिए गए लोन को पूरा नहीं चुकाया है.
सभी शेयर छुड़ाए गए
अडानी ग्रुप ने यह भी साफ किया है कि ऐसे लोन के लिए गिरवी रखे गए सभी शेयरों को रिलीज कर दिया गया है. समूह के इस जवाब के बाद अडानी ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों में तेजी लौट आई है. अडानी ग्रुप के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जुगशिंदर रॉबी सिंह ने कहा कि प्रमोटर्स की तरफ से शेयरों के बदले लिए गए लोन का भुगतान कर दिया गया है और इस तरह की रिपोर्ट पूरी तरह से गलत हैं. उन्होंने कहा कि शेयर बाजार तिमाही खत्म होने के बाद प्रमोटर के गिरवी रखे शेयरों से जुड़े आंकड़े अपडेट करेंगे, जिसके बाद स्थिति खुद ब खुद स्पष्ट हो जाएगी.
रिपोर्ट्स में किया ये दावा
इससे पहले, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि अडानी ग्रुप ने कर्ज चुकाने को लेकर जो दावा किया है, वो शेयर बाजार में उपलब्ध जानकारी से मेल नहीं खाता. दरअसल, ग्रुप ने 12 मार्च को कहा था कि उसने शेयर गिरवी रखकर लिया गया 2.15 अरब डॉलर का कर्ज लौटा दिया है. ये कर्ज प्रमोटरों के शेयर गिरवी रखकर लिया गया था. उसने कहा था कि कर्ज समयसीमा 31 मार्च, 2023 से पहले लौटाया गया है. जबकि कई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि शेयर बाजारों को दी गई सूचना के अनुसार, ग्रुप की कंपनियों अडानी पोर्ट्स एंड सेज, अडानी ट्रांसमिशन, अडानी ग्रीन एनर्जी और अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर अब भी वित्तीय संस्थानों के पास गिरवी हैं. जिसका मतलब है कि कर्ज पूरी तरह चुकाया नहीं गया है.
कर्ज चुकाने पर केंद्रित
बता दें कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद से अडानी समूह का पूरा फोकस कर्ज चुकाने पर केंद्रित है. कुछ वक्त पहले कंपनी के शेयरों में लगातार आ रही भारी गिरावट के बीच समूह ने कहा था कि उसने 2.15 अरब डॉलर का कर्ज चुका दिया है. इसके बाद शेयरों में तेजी देखने को मिली थी. हालांकि, अब मीडिया रिपोर्ट्स में कर्ज चुकाने के दावे पर सवाल खड़े किए गए हैं. इसके चलते अडानी समूह की कई कंपनियों के शेयरों में फिर से नरमी देखने को मिली थी, लेकिन अब ज़्यादातर ग्रीन निशान पर कारोबार कर रहे हैं.
टैग्स