होम / पर्सनल फाइनेंस / SBI ने बदले कैश निकासी के नियम, महीने में 4 बार के बाद हर निकासी पर लगेगा 15 रुपये चार्ज
SBI ने बदले कैश निकासी के नियम, महीने में 4 बार के बाद हर निकासी पर लगेगा 15 रुपये चार्ज
नए नियम में सबसे बड़ा बदलाव डिजिटल लेनदेन को लेकर है. पहले चार मुफ्त लेनदेन की सीमा में डिजिटल लेनदेन को शामिल नहीं किया जाता था. अब SBI ने यह सुविधा खत्म कर दी है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 51 minutes ago
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) अकाउंट से नकद निकासी के नियमों में बदलाव किया है. नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. इसके तहत महीने में चार नकद निकासी मुफ्त रहेंगी, लेकिन पांचवीं और उसके बाद की हर नकद निकासी पर 15 रुपये और GST का शुल्क देना होगा. खास बात यह है कि नए नियमों में डिजिटल लेनदेन को भी चार मुफ्त निकासी की सीमा में शामिल किया जाएगा.
1 अक्टूबर से लागू होगा नया नियम
SBI के BSBD अकाउंट होल्डर्स के लिए यह बदलाव 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा. ग्राहक महीने में चार बार तक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के नकद निकासी कर सकेंगे. इसके बाद पांचवीं या उससे अधिक बार कैश निकालने पर प्रत्येक लेनदेन के लिए 15 रुपये और लागू GST देना होगा.
डिजिटल लेनदेन भी फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा में
नए नियम में सबसे बड़ा बदलाव डिजिटल लेनदेन को लेकर है. पहले चार मुफ्त लेनदेन की सीमा में डिजिटल लेनदेन को शामिल नहीं किया जाता था. अब SBI ने यह सुविधा खत्म कर दी है. यानी BSBD अकाउंट में तय चार मुफ्त लेनदेन की सीमा में डिजिटल लेनदेन भी गिने जाएंगे.
क्या है BSBD अकाउंट?
बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट (BSBD) अकाउंट उन ग्राहकों के लिए है, जो बिना न्यूनतम बैलेंस की शर्त के बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेना चाहते हैं. इस खाते में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना जरूरी नहीं होता, इसलिए यह कम आय वाले ग्राहकों के लिए खास तौर पर उपयोगी माना जाता है.
BSBD अकाउंट के जरिए ग्राहक ATM या बैंक शाखा में निकासी फॉर्म के माध्यम से पैसे निकाल सकते हैं. SBI इस खाते के साथ बेसिक RuPay ATM-कम-डेबिट कार्ड भी उपलब्ध कराता है.
BSBD अकाउंट खोलने की क्या है शर्त?
SBI में BSBD अकाउंट रखने वाले ग्राहक के नाम पर कोई दूसरा सेविंग्स अकाउंट नहीं होना चाहिए. अगर ग्राहक के पास पहले से SBI का सेविंग्स अकाउंट है, तो BSBD अकाउंट खोलने के 30 दिनों के भीतर पुराने सेविंग्स अकाउंट को बंद करना होगा.
किन सेवाओं के लिए नहीं देना पड़ता शुल्क?
BSBD अकाउंट के साथ मिलने वाला बेसिक RuPay डेबिट कार्ड मुफ्त होता है और इस पर वार्षिक मेंटेनेंस चार्ज नहीं लिया जाता. NEFT और RTGS जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से खाते में पैसा आने पर भी शुल्क नहीं लिया जाता.
इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार के चेक जमा करने या कलेक्ट करने की सुविधा भी मुफ्त है. लंबे समय से निष्क्रिय खाते को दोबारा सक्रिय कराने पर भी कोई शुल्क नहीं लिया जाता. हालांकि, खाता बंद करने पर निर्धारित शुल्क लागू हो सकता है.
टैग्स