होम / पर्सनल फाइनेंस / कोटक MF का नया दांव, All Cap Omni FoF लॉन्च; एक ही फंड से कई मार्केट कैप में निवेश
कोटक MF का नया दांव, All Cap Omni FoF लॉन्च; एक ही फंड से कई मार्केट कैप में निवेश
नया फंड लार्ज, मिड और स्मॉल कैप समेत अलग-अलग मार्केट कैप वाली एक्टिव और पैसिव स्कीम्स में करेगा निवेश
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
कोटक महिंद्रा एएमसी (Kotak Mahindra Asset Management Company -KMAMC) ने नया म्यूचुअल फंड Kotak Diversified Equity All Cap Omni FoF लॉन्च किया है. यह एक ओपन-एंडेड फंड ऑफ फंड (FoF) स्कीम है, जो अलग-अलग मार्केट कैप वाली इक्विटी आधारित एक्टिव और पैसिव म्यूचुअल फंड स्कीम्स की यूनिट्स में निवेश करेगी. इस नए फंड ऑफर (NFO) की शुरुआत 5 अगस्त 2026 से हो चुकी है और निवेशक इसमें 19 अगस्त 2026 तक निवेश कर सकते हैं.
अलग-अलग मार्केट कैप में होगा निवेश
Kotak Diversified Equity All Cap Omni FoF के जरिए निवेशकों को लार्ज कैप, फ्लेक्सी कैप, मल्टी कैप, लार्ज एंड मिड कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप जैसी अलग-अलग रणनीतियों में एक्सपोजर मिलेगा. कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग मार्केट कैप सेगमेंट का प्रदर्शन अलग-अलग बाजार चक्रों में अलग हो सकता है. समय के साथ किसी एक सेगमेंट की जगह दूसरे सेगमेंट में तेजी देखने को मिल सकती है. ऐसे में विभिन्न मार्केट कैप में डायवर्सिफाइड निवेश से निवेशकों को बाजार के अलग-अलग अवसरों में भाग लेने का मौका मिल सकता है.
एक्टिव और पैसिव दोनों रणनीतियों का मिश्रण
यह फंड एक्टिवली मैनेज्ड फंड ऑफ फंड के तौर पर काम करेगा. इसके तहत फंड मैनेजर अलग-अलग मार्केट कैप वाली इक्विटी-ओरिएंटेड एक्टिव और पैसिव म्यूचुअल फंड स्कीम्स में निवेश का चयन और समय-समय पर रीबैलेंसिंग करेंगे. कंपनी का कहना है कि निवेश प्रक्रिया एक स्ट्रक्चर्ड इन्वेस्टमेंट फ्रेमवर्क पर आधारित होगी, जिसका उद्देश्य जोखिम के अनुरूप बेहतर रिटर्न हासिल करने के लिए पोर्टफोलियो को डायनामिक तरीके से मैनेज करना है. इसका लक्ष्य लंबी अवधि में निवेशकों के लिए कैपिटल एप्रिसिएशन हासिल करना है.
निवेशकों के लिए एक ही फंड में कई विकल्प
कोटक महिंद्रा एएमसी के मैनेजिंग डायरेक्टर Nilesh Shah ने कहा कि भारत की ग्रोथ स्टोरी में इक्विटी बाजार के कई हिस्सों में अवसर मौजूद हैं. समय के साथ लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप कंपनियों में बाजार की लीडरशिप बदलती रहती है. ऐसे में लंबी अवधि में वेल्थ क्रिएशन के लिए डायवर्सिफिकेशन महत्वपूर्ण हो जाता है. उन्होंने कहा कि Kotak Diversified Equity All Cap Omni FoF को एक सरल और प्रोफेशनली मैनेज्ड समाधान के तौर पर तैयार किया गया है, जो अलग-अलग मार्केट कैप में एक्टिव और पैसिव रणनीतियों को एक साथ जोड़ता है.
अलग-अलग बाजार परिस्थितियों के हिसाब से पोर्टफोलियो में बदलाव
फंड के मैनेजर Devender Singhal ने कहा कि भारतीय इक्विटी बाजार में लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप कंपनियों में अलग-अलग तरह के अवसर मौजूद हैं और हर सेगमेंट बाजार चक्र के दौरान अलग व्यवहार करता है.
उनके मुताबिक, इस फंड के जरिए एक्टिव फंड मैनेजमेंट और पैसिव इन्वेस्टिंग की खूबियों को मिलाने की कोशिश की गई है. साथ ही, बाजार की परिस्थितियों के अनुसार अंडरलाइंग स्कीम्स में निवेश का आवंटन बदलने की सुविधा भी रहेगी.
कितना है न्यूनतम निवेश?
नए फंड में नॉन-SIP के जरिए शुरुआती निवेश ₹1,000 और उसके बाद किसी भी राशि में किया जा सकता है. अतिरिक्त नॉन-SIP निवेश की न्यूनतम राशि ₹500 है. वहीं, SIP के जरिए न्यूनतम ₹500 का निवेश किया जा सकता है. इसमें कम से कम दो SIP किस्तों का निवेश जरूरी होगा.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स