होम / पर्सनल फाइनेंस / 65 महीने तक नहीं बदलेगी होम लोन की EMI! Kotak Bank ने लॉन्च किया हाइब्रिड लोन
65 महीने तक नहीं बदलेगी होम लोन की EMI! Kotak Bank ने लॉन्च किया हाइब्रिड लोन
ब्याज दर बढ़ने की टेंशन होगी कम, ग्राहक 39, 52 या 65 महीने के लिए रेट लॉक कर सकेंगे; फिलहाल 7.6% से शुरू हो रही ब्याज दर
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
होम लोन लेने वालों के लिए ब्याज दरों में बदलाव और बढ़ती EMI की चिंता को कम करने के लिए कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) ने नया हाइब्रिड होम लोन लॉन्च किया है. इस सुविधा के तहत ग्राहक अपने होम लोन की ब्याज दर को अधिकतम 65 महीने तक लॉक कर सकेंगे. यानी इस तय अवधि के दौरान RBI की रेपो रेट में बदलाव होने के बावजूद ग्राहक की ब्याज दर और EMI में बदलाव नहीं होगा. बैंक का कहना है कि इससे घर खरीदने वाले परिवारों को लोन के शुरुआती वर्षों में अपने बजट और दूसरे वित्तीय खर्चों की बेहतर प्लानिंग करने में मदद मिलेगी.
39, 52 या 65 महीने के लिए लॉक कर सकेंगे ब्याज दर
कोटक महिंद्रा बैंक के इस हाइब्रिड होम लोन में ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक 39, 52 या 65 महीने की फिक्स्ड ब्याज दर अवधि चुन सकते हैं. इस दौरान रेपो रेट में उतार-चढ़ाव का असर उनकी ब्याज दर और EMI पर नहीं पड़ेगा. तय अवधि खत्म होने के बाद लोन अपने आप फ्लोटिंग रेट व्यवस्था में चला जाएगा.
7.6% से शुरू होगी ब्याज दर
बैंक फिलहाल होम लोन 7.6 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर उपलब्ध करा रहा है. फिक्स्ड अवधि पूरी होने के बाद लागू होने वाली फ्लोटिंग ब्याज दर RBI की रेपो रेट और लोन मंजूर करते समय तय किए गए अतिरिक्त मार्जिन यानी स्प्रेड से जुड़ी होगी. बैंक के मुताबिक, अगर ब्याज दरें हाल के ऊंचे स्तर तक बढ़ती हैं, तो 1 करोड़ रुपये के होम लोन पर ग्राहक को 3.46 लाख रुपये तक की बचत हो सकती है.
अलग से नहीं देना होगा कोई प्रीमियम
यह हाइब्रिड लोन होम लोन के साथ-साथ प्रॉपर्टी के बदले लोन के लिए भी उपलब्ध है. बैंक के अनुसार, इसकी कीमत उसके सामान्य फ्लोटिंग-रेट होम लोन के बराबर है और हाइब्रिड स्ट्रक्चर चुनने के लिए ग्राहकों से अलग से कोई प्रीमियम नहीं लिया जाएगा. कोटक महिंद्रा बैंक के हेड (मॉर्गेज) नकुल सक्सेना के मुताबिक, होम लोन आमतौर पर कई दशकों तक चलता है और इस दौरान ब्याज दरों में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. ऐसे में हर ब्याज दर चक्र के दौरान उधारकर्ता के सामने यह सवाल रहता है कि अगली दर में बदलाव से उसकी EMI और घर का बजट कितना प्रभावित होगा.
शुरुआती वर्षों में वित्तीय प्लानिंग होगी आसान
बैंक का कहना है कि घर खरीदने के शुरुआती वर्षों में परिवारों को EMI के साथ-साथ घर की साज-सज्जा, बच्चों की शिक्षा, बचत और रोजमर्रा के अन्य खर्चों का भी प्रबंधन करना होता है. ऐसे में 65 महीने तक ब्याज दर लॉक रहने से परिवारों को अपनी वित्तीय जिम्मेदारियों की पहले से बेहतर योजना बनाने में मदद मिल सकती है.
मॉर्गेज पोर्टफोलियो 15% बढ़ा
कोटक महिंद्रा बैंक का मॉर्गेज पोर्टफोलियो 30 जून 2026 तक सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 1,50,903 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही के अंत में यह 1,31,792 करोड़ रुपये था. बैंक के मुताबिक, नया हाइब्रिड होम लोन पूरे भारत में योग्य वेतनभोगी और स्वरोजगार वाले उधारकर्ताओं के लिए उपलब्ध है.
टैग्स