होम / बिजनेस / आखिर क्या है वो डील, जिसने Zomato के शेयरों को दिया बूस्ट?
आखिर क्या है वो डील, जिसने Zomato के शेयरों को दिया बूस्ट?
डील के तहत जोमैटो के डिलीवरी पार्टनर 30 से अधिक शहरों में बैटरी स्मार्ट के 800 से अधिक स्वैप स्टेशनों का इस्तेमाल कर सकेंगे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी Zomato के अच्छे दिन चल रहे हैं. कंपनी ने पहली बार मुनाफा दर्ज किया है और अब उसके शेयर भी उछाल पर हैं. आज यानी मंगलवार को कंपनी के शेयरों में 5% से ज्यादा की छलांग देखने को मिली. हालांकि, बाजार बंद होने तक शेयर थोड़ा नीचे जरूर खिसके, लेकिन फिर भी कल के मुकाबले आज 2.51% की बढ़त के साथ बंद हुए. Zomato के शेयरों में इस उछाल की वजह कंपनी द्वारा की गई एक डील को माना जा रहा है.
क्या है डील?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Zomato ने बैट्री स्मार्ट (Battery Smart) के साथ एक डील फाइनल की है. ये डील बैट्री स्वैपिंग यानी बैट्री की अदला-बदली को लेकर है. फूड डिलीवरी कंपनी की इस डील को निवेशकों सकारात्मक ढंग से लिया और इसका असर आज जोमैटो के शेयरों पर देखने को मिला. इस डील के तहत जोमैटो के डिलीवरी पार्टनर बैटरी स्मार्ट के चार्जिंग स्टेशन पर बैटरी-स्वैपिंग की सुविधा का लाभ उठा पाएंगे. बता दें कि Zomato जैसी डिलीवरी फूड डिलीवरी कंपनियां इलेक्ट्रिक 2-व्हीलर्स के प्रयोग को बढ़ावा दे रही हैं, उसके मद्देनजर Zomato ने ये पार्टनरशिप की है.
कैसे होगा फायदा?
कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि जोमैटो के डिलीवरी पार्टनर 30 से अधिक शहरों में बैटरी स्मार्ट के 800 से अधिक स्वैप स्टेशनों का इस्तेमाल कर सकेंगे. जोमैटो 2030 तक पूरी तरह इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करने की योजना पर काम कर रही है. ऐसे में यह साझेदारी उसके लिए काफी फायदेमंद होगी. गौरतलब है कि इलेक्ट्रिक वाहनों में सबसे बड़ी समस्या उन्हें चार्ज करने की होती है. बैटरी-स्वैपिंग के तहत डिस्चार्ज बैटरी देकर चार्ज बैटरी हासिल की जा सकती है. इससे Zomato के डिलीवरी पार्टनर बिना किसी देरी के लिए अपना काम कर सकेंगे.
चढ़ रहे शेयर
जोमैटो के शेयरों की बात करें, तो इस साल इसकी चाल काफी अच्छी रही है. 25 जनवरी को यह एक साल के निचले स्तर 44.35 रुपए पर थे, लेकिन इसके बाद से यह बढ़त बनाए हुए है. इस महीने की शुरुआत में Zomato का शेयर 102.85 रुपए के स्तर तक पहुंच गया था, जो इसका एक साल का हाई लेवल है. हालांकि, इसके बाद कंपनी के शेयरों में कुछ गिरावट आई और उतार-चढ़ाव के साथ फिलहाल यह 92 रुपए पर ट्रेड कर रहा है.
टैग्स