होम / बिजनेस / देश की Growth Rate को लेकर World Bank से आई ये बड़ी खबर
देश की Growth Rate को लेकर World Bank से आई ये बड़ी खबर
विश्व बैंक ने भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान 0.3% घटाया दिया है. उसकी रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की GDP के 6.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
विश्व बैंक (World Bank) ने भारत के विकास को लेकर अपने पूर्व के अनुमान को पलट दिया है. वर्ल्ड बैंक ने मंगलवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि वित्त वर्ष-24 में खपत में नरमी के कारण भारत की GDP के 6.3 प्रतिशत रहने की उम्मीद है. जबकि पहले यह अनुमान 6.6 प्रतिशत था. रिपोर्ट के अनुसार, भारत में विकास दर के खपत में धीमी वृद्धि और चुनौतीपूर्ण बाहरी परिस्थितियों से बाधित होने की आशंका है.
इस वजह से धीमी रहेगी रफ्तार
विश्व बैंक ने रिपोर्ट में कहा है कि बढ़ती उधारी लागत और धीमी आय वृद्धि लोगों के निजी उपभोग पर दबाव डालेगी. वहीं, कोरोना महामारी से संबंधित राजकोषीय समर्थन उपायों को वापस लेने के कारण सरकारी खपत भी कमजोर हो रही है और इसके धीमी गति से बढ़ने का अनुमान है. इसका सीधा मतलब ये निकलता है कि सरकार के स्तर पर भी स्थिति खास उत्साहजनक नहीं है.
महंगाई के मोर्चे पर राहत
वर्ल्ड बैंक की 'India Development Update' रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि FY24 में चालू खाते के घाटे के 2.1 प्रतिशत तक सीमित रहने का अनुमान है. रिपोर्ट में महंगाई को लेकर एक अच्छी बात कही गई है. वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में 6.6 प्रतिशत के मुकाबले मुद्रास्फीति 5.2 प्रतिशत तक कम हो सकती है. वहीं, एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत के सर्विसेस एक्सपोर्ट्स में ग्रोथ, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गई थी. इससे अर्थव्यवस्था को बाहरी जोखिमों से बचने में मदद मिली है.
इधर, RBI दे सकता है झटका
बता दें कि महंगाई अभी भी संतोषजनक स्तर के ऊपर बनी हुई है. इस बीच, रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट (Repo Rate) में फिर से 0.25 फीसदी वृद्धि करने की संभावना व्यक्त की जा रही है. RBI की मौद्रिक समीक्षा की बैठक शुरू हो गई है. छह अप्रैल को RBI नीतिगत दरों पर फैसले की घोषणा की करेगा. यदि रेपो रेट में वृद्धि की जाती है, तो सभी तरह के लोन महंगे हो जाएंगे और EMI का बोझ भी बढ़ जाएगा. महंगाई नियंत्रित करने के नाम पर रिजर्व बैंक मई, 2022 से लगातार ब्याज दरों में इजाफा कर रहा है.
टैग्स