होम / बिजनेस / बप्पा के स्वागत के लिए क्या 19 सितंबर को बंद रहेगा Share Market?
बप्पा के स्वागत के लिए क्या 19 सितंबर को बंद रहेगा Share Market?
इस बार गणेश चतुर्थी 19 सितंबर यानी मंगलवार को मनाई जाएगी. इस मौके पर शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी, यानी कोई कारोबार नहीं होगा .
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi 2023) की तैयारियां तेजी से चल रही हैं. खासकर, महाराष्ट्र में इसका सबसे ज्यादा क्रेज देखने को मिलता है. 10 दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल के लिए ढोल-ताशा पथक महीनों पहले से ही अपनी प्रैक्टिस शुरू कर देते हैं. महाराष्ट्र में भी पुणे और मुंबई का गणेशोत्सव सबसे ज्यादा फेमस है. इस बार गणेश चतुर्थी 19 सितंबर यानी मंगलवार को मनाई जाएगी. अब चूंकि शेयर बाजार का कारोबार मुंबई से संचालित होता है, इसलिए मन में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या 19 को बाजार बंद रहेगा?
15 अगस्त को रहा था बंद
NSE यानी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध छुट्टियों की लिस्ट के मुताबिक, गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) पर शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा. बाजार बप्पा के स्वागत के लिए बंद रहेगा. इस महीने स्टॉक मार्केट के लिए ये पहला हॉलिडे है. इससे पहले, अगस्त में स्वतंत्रता दिवस (15 गस्त) के उपलक्ष्य पर भी मार्केट में कारोबार नहीं हुआ था. बाजार में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेराइवेटिव्स और एसएलबी सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं हुई थी. 19 सितंबर को भी बाजार में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी.
कब बंद रहेगा बाजार?
आगे आने वाली शेयर बाजार की छुट्टियों की बात करें, तो 19 सितंबर के बाद दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के मौके पर भी मार्केट में ट्रेडिंग नहीं होगी. अक्टूबर में इसके अलावा एक और छुट्टी पड़ रही है. 24 अक्टूबर को दशहरे के उपलक्ष्य में बाजार बंद रहेगा. इसी तरह, 12 नवंबर को दिवाली, 27 नवंबर को गुरुनानक जयंती के मद्देनजर शेयर बाजार का कारोबार बंद रखा जाएगा. साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर में साप्ताहिक अवकाश को छोड़कर मार्केट केवल एक दिन - 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर बंद रहेगा. बता दें कि दिवाली के दिन शेयर बाजार में केवल मुहूर्त ट्रेडिंग होती है. बाजार कुछ देर के लिए ही खुलता है और मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा.
बाजार में जारी है बढ़त
अब कल बाजार का हाल कैसा रहा, ये भी जान लेते हैं. सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भी मार्केट ग्रीन लाइन पकड़कर चलता दिखाई दिया. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) सेंसेक्स के लिए यह तेजी का लगातार 11वां दिन था. सेंसेक्स 319.63 अंकों की उछाल के साथ 67,838.63 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 89.25 अंक चढ़कर 20,192.35 के लेवल पर पहुंच गया.
टैग्स