होम / बिजनेस / DMart वाले दमानी ने इस 'छोटे' बैंक में ऐसा क्या देखा कि लगा दिया बड़ा दांव?
DMart वाले दमानी ने इस 'छोटे' बैंक में ऐसा क्या देखा कि लगा दिया बड़ा दांव?
बेगलुरु के जना स्मॉल फाइनेंस बैंक में राधाकिशन दमानी सहित कुछ अन्य नामी इन्वेस्टर्स ने भी पैसा लगाया है. बैंक अपना IPO लाने वाला है,
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
रिटेल चेन डीमार्ट (DMart) के मालिक राधाकिशन दमानी ने एक छोटे बैंक पर बड़ा दांव खेला है. दमानी इन इन्वेस्टर्स में शामिल हैं, जिन्होंने बेंगलुरु के एक स्मॉल फाइनेंस बैंक में पैसा लगाया है. 2018 में अस्तिव में आए इस बैंक ने हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल्स (HNI) का भरोसा जीतने में कामयाबी हासिल की है और अब बैंक अपना आईपीओ यानी Initial Public Offering लाने की तैयारी में जुटा है.
560 करोड़ रुपए जुटाए
बेगलुरु मुख्यालय वाले जना स्मॉल फाइनेंस बैंक (Jana Small Finance Bank) को प्री-आईपीओ फाइनेंसिंग में 560 करोड़ रुपए मिले हैं. ये पैसा उसने रिटेल चेन डीमार्ट (Demart) के मालिक राधाकिशन दमानी, इनाम होल्डिंग्स के आकाश भंसाली, दिग्गज इनवेस्टर आशीष कचौलिया और आकाश प्रकाश की अमांसा होल्डिंग्स से जुटाया है. आईपीओ के साथ ही बैंक शेयर बाजार में लिस्ट हो जाएगा और इस तरह, ये शेयर बाजार में उतरने वाला पांचवां स्मॉल फाइनेंस बैंक बन जाएगा. देश में इस समय लाइसेंस प्राप्त कुल 12 स्मॉल फाइनेंस बैंक हैं.
कब आएगा आईपीओ?
जना स्मॉल फाइनेंस बैंक के सीईओ अजय कंवल के मुताबिक, इस साल के आखिरी में बैंक का IPO आ सकता है. इस दौरान, कम से कम 1500 करोड़ रुपए के शेयर बेचे जाएंगे. आईपीओ के लिए बाजार नियामक सेबी के पास ड्रॉफ्ट प्रॉस्पेक्ट्स अगले महीने फाइल किया जाएगा. बता दें कि इस बैंक में प्राइवेट इक्विटी फर्म TPG कैपिटल, मॉर्गन स्टैनेली प्राइवेट इक्विटी, इलेक्ट्रिक एप्लायंसेज कंपनी हैवेल्स ग्रुप, अमांसा और इनाम की 9% से ज्यादा हिस्सेदारी है. जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, स्टॉक मार्केट में लिस्ट होने वाला पांचवां स्मॉल फाइनेंस बैंक होगा. इससे पहले AU स्मॉल फाइनेंस बैंक, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक, इक्विटॉस स्मॉल फाइनेंस बैंक और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक मार्केट में लिस्ट हो चुके हैं.
दमानी ने इसलिए लगाया दांव
राधाकिशन दमानी के बारे में कहा जाता है कि वो काफी सोच-विचारकर कहीं पैसा लगाते हैं. Jana Small Finance जैसे छोटे बैंक पर उन्होंने बड़ा दांव इसलिए लगाया है, क्योंकि बैंक की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है. एक रिपोर्ट बताती है कि मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में बैंक का शुद्ध लाभ 4631.42% बढ़कर 255.97 करोड़ रुपए हो गया था. बैंक ग्रोथ के फ़ॉर्मूले पर काम कर रहा है. ऐसे में आने वाले समय में इसके शेयर अच्छा प्रॉफिट देकर जा सकते हैं. इसलिए दमानी ने इस पर दांव लगाया है.
टैग्स