होम / बिजनेस / मुश्किल में घिरी Go First में 300 करोड़ इन्वेस्ट करेगा Wadia Group
मुश्किल में घिरी Go First में 300 करोड़ इन्वेस्ट करेगा Wadia Group
गो फर्स्ट एयरलाइन इन दिनों बुरे दौर से गुजर रही है. उसके आधे से ज्यादा विमान विभिन्न कारणों के चलते जमीन पर हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
बजट एयरलाइन गो फर्स्ट (Go First) में वाडिया समूह (Wadia Group) 300 करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहा है. सस्ते में हवाई सफर कराने के लिए मशहूर इस कंपनी का मालिकाना हक वाडिया ग्रुप के पास ही है. इसके अलावा, समूह स्ट्रैटेजिक इन्वेस्टर की तलाश भी कर रहा है, ताकि कंपनी की कुछ हिस्सेदारी बेचकर अतिरिक्त निवेश जुटाया जा सके. बता दें कि कंपनी इन दिनों बुरे दौर से गुजर रही है. उसके आधे से ज्यादा विमान विभिन्न कारणों के चलते जमीन पर हैं.
उठाया सबसे बड़ा नुकसान
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि गो फर्स्ट एयरलाइन को वित्त वर्ष 2022 में अब तक का सबसे बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. प्रैट ऐंड व्हिटनी के खराब इंजन के कारण कंपनी के आधे एयरक्राफ्ट ग्राउंडेड हैं, यानी उड़ान के लिए उनका इस्तेमाल नहीं हो रहा है. जिसकी वजह से उसे लगातार नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. कोरोना महामारी और रूस-यूक्रेन युद्ध ने एविएशन इंडस्ट्री को काफी नुकसान पहुंचाया था, लेकिन अब इंडस्ट्री इससे बाहर निकल आई है. हवाई यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है. ऐसे में सभी विमानों का इस्तेमाल न कर पाना Go First के लिए किसी सजा से कम नहीं है.
फंड जुटाने की कोशिश
एक रिपोर्ट में कंपनी के अधिकारी से हवाले से बताया गया है कि प्रमोटर कंपनी के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. पिछले 20 महीने में उन्होंने 3,000 करोड़ का निवेश किया है और अप्रैल के आखिर तक वे 300 करोड़ रुपए का अतिरिक्त निवेश करेंगे. इसके अलावा, केंद्र सरकार की इमरजेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम के तहत बैंक कर्ज के तौर पर एयरलाइन को 300 करोड़ रुपए अगले महीने तक मिल सकते हैं.
IPO की थी योजना
2021 में गो फर्स्ट ने अपने प्रमोटर्स की 25% हिस्सेदारी बेचने के लिए इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO लाने का ऐलान किया था, लेकिन बैंकरों की सलाह पर इस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया. पिछले कुछ समय से एयरलाइन केवल 23 विमानों के जरिए परिचालन कर रही है, लेकिन प्रबंधन को उम्मीद है कि जल्द ही यह संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी. गौरतलब है कि आकासा एयरलाइन ने गो फर्स्ट जैसी दूसरी बजट एयरलाइन के लिए कड़ी चुनौती पेश की है.
टैग्स