होम / बिजनेस / Vodafone Idea को लेकर आई ये बड़ी खबर, क्या कंपनी के Shares पर पड़ेगा असर?
Vodafone Idea को लेकर आई ये बड़ी खबर, क्या कंपनी के Shares पर पड़ेगा असर?
वोडाफोन-आइडिया ब्रिटेन की वोडाफोन PLC और भारत के आदित्य बिड़ला ग्रुप के बीच एक जॉइंट वेंचर है. कंपनी पिछले काफी समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
वोडाफोन आइडिया (Vi) मुश्किल दौर से गुजर रही है. कंपनी आर्थिक चुनौतियों के भंवर में फंसी है और बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है. कुछ वक्त पहले खबर आई थी कि टेलीकॉम कंपनियों को इंफ्रास्ट्रक्चर सेवाएं और ब्रॉडबैंड प्रदाताओं को वायरलेस सेवाएं उपलब्ध कराने वाली कंपनी इंडस टावर्स (Indus Towers) को Vi से 7000 करोड़ रुपए लेने हैं. अब खबर आई है कि वोडाफोन आइडिया (Vi) ने अपनी लाइसेंस फीस का भी भुगतान नहीं किया है. उसने सरकार से अतिरिक्त मोहलत मांगी है.
समर्थन की गुजारिश
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वोडाफोन आइडिया (Vi) ने मार्च तिमाही के लिए अपनी बकाया लाइसेंस फीस के केवल 10 प्रतिशत का ही भुगतान किया है. बाकी के 90 फीसदी भुगतान के लिए कंपनी ने सरकार से 31 जुलाई तक का समय मांगा है. कंपनी ने दूरसंचार विभाग (DoT) को लिखे पत्र में कहा गया है कि वह पिछली कई तिमाहियों से लिक्विडिटी की चुनौतियों का सामना कर रही है. जब तक फंडिंग नहीं हो जाती, तब तक उसे DoT, वेंडर्स और सभी स्टेकहोल्डर्स के समर्थन की जरूरत है.
तीसरी सबसे बड़ी कंपनी
वोडाफोन-आइडिया ब्रिटेन की वोडाफोन PLC और भारत के आदित्य बिड़ला ग्रुप (Aditya Birla Group) के बीच एक जॉइंट वेंचर है. कंपनी को 2022-23 की चौथी तिमाही के लिए लाइसेंस शुल्क का भुगतान 25 मार्च तक करना था. नियम के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियां अपने AGR का 8 फीसदी सरकार को लाइसेंस शुल्क के रूप में भुगतान करती हैं. देय राशि के कम भुगतान से जुर्माने का भी प्रावधान है. वोडाफोन-आइडिया देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है. मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की रिलायंस जियो (Reliance Jio) पहले और एयरटेल (Airtel) दूसरे नंबर पर है.
ऐसा है शेयर का हाल
माना जा रहा है कि लाइसेंस फीस का भुगतान नहीं करने की खबर का असर कंपनी के शेयर पर पड़ सकता है. Vodafone Idea Ltd का शेयर प्राइज 6.25 रुपए है. पिछले एक महीने में इसमें 10.07% की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, बीते 5 दिनों में यह 4.17% ऊपर चढ़ा है. इस शेयर का 52-वीक का हाई लेवल 11.55 रुपए है. वोडाफोन-आइडिया के मार्केट कैप की बात करें, तो यह 30,473.49 करोड़ रुपए है.
टैग्स