होम / बिजनेस / करीब 20 साल बाद Tata Group से IPO को लेकर आई बड़ी खबर, अब ये कंपनी होगी लिस्ट
करीब 20 साल बाद Tata Group से IPO को लेकर आई बड़ी खबर, अब ये कंपनी होगी लिस्ट
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेक आईपीओ आने वाला है, लेकिन अभी ये स्पष्ट नहीं है कि इसका आकार क्या होगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
टाटा ग्रुप (Tata Group) की एक और कंपनी का IPO (Initial Public Offering) आने वाला है. करीब 20 साल के बाद टाटा ग्रुप से आईपीओ को लेकर कोई खबर सामने आई है. IPO लॉन्च होने के बाद समूह की ये कंपनी भी स्टॉक मार्केट में लिस्ट हो जाएगी. बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी SEBI ने टाटा टेक (Tata Tech) के आईपीओ को मंजूरी दे दी है. कंपनी ने SEBI के पास इसका ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) 9 मार्च को जमा कराया था. इसके साथ ही सेबी ने दो और कंपनियों के आईपीओ को भी ग्रीन सिग्नल दे दिया है.
टाटा मोटर्स को मिलेगा फायदा!
SEBI के दाखिल ड्राफ्ट के मुताबिक, टाटा टेक का IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा और कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा. इससे पहले आखिरी बार 2004 में टाटा ग्रुप की IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी. बता दें कि Tata Tech में टाटा मोटर्स की बड़ी हिस्सेदारी है. लिहाजा माना जा रहा है कि आईपीओ के लिए मंजूरी का असर टाटा मोटर्स के शेयरों पर भी देखने को मिल सकता है. Tata Motors का शेयर इस समय 572.75 रुपए पर ट्रेड कर रहा है.
किसकी कितनी हिस्सेदारी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस OFS इश्यू के तहत Tata Tech के प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स 9.57 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे. इसमें से टाटा मोटर्स 8.11 करोड़, अल्फा टीसी होल्डिंग्स 97.2 लाख और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड-1 48.6 लाख शेयर बेच सकते हैं. Tata Motors की इस कंपनी में 74.69%, अल्फा टीसी होल्डिंग्स की 7.26% और टाटा कैपिटल ग्रोथ फंड-1 की 3.63% हिस्सेदारी है. इस IPO के लिए जेएम फाइनेंशियल, बोफा सिक्योरिटीज और सिटी ग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया को लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है.
क्या करती है कंपनी?
Tata Tech के बात करें, तो ये टाटा मोटर्स की सहायक कंपनी है. इंजीनियरिंग सेवाएं प्रदान करने वाली ये कंपनी दुनिया के कई देशों में काम करती है. इसके पास दुनियाभर में 9300 कर्मचारियों की टीम है. पिछले साल दिसंबर में इसे अपनी पैरेंट कंपनी यानी Tata Motors से आईपीओ लाने को मंजूरी मिल गई थी और अब सेबी ने इसे ग्रीन सिग्नल दे दिया है. जानकारी के मुताबिक, अब टाटा स्काई (अब Tata Play) भी लिस्टिंग के प्लान पर काम कर रही है. यानी उसका भी आईपीओ आ सकता है. वहीं, सेबी ने टाटा टेक के साथ-साथ SBFC Finance और Gandhar Oil Refinery के आईपीओ को भी मंजूरी दी है. एसबीएफसी फाइनेंस का आईपीओ 1200 करोड़ रुपए का होगा.
टैग्स