होम / बिजनेस / Haldiram's खरीदने को लेकर Tata Group से आया बड़ा अपडेट, बाजार ने दिया ऐसा रिएक्शन
Haldiram's खरीदने को लेकर Tata Group से आया बड़ा अपडेट, बाजार ने दिया ऐसा रिएक्शन
मीडिया में बुधवार को खबर आई थी कि टाटा समूह की टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स स्नैक्स कंपनी Haldiram's में हिस्सेदारी खरीदने जा रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 years ago
टाटा ग्रुप (Tata Group) ने स्नैक्स कंपनी हल्दीराम (Haldiram's) खरीदने को लेकर सामने आ रही खबरों पर स्पष्टीकरण दिया है. समूह का कहना है कि हल्दीराम खरीदने को लेकर उसकी कोई बातचीत नहीं चल रही है. टाटा के इस स्पष्टीकरण के बाद टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में नरमी देखने को मिली है. जबकि कल यानी बुधवार को कंपनी के शेयरों में तेजी आई थी. शेयर बाजार ने टाटा के हल्दीराम खरीदने की खबर को पॉजिटिव सेंस में लिया था. लेकिन अब जब यह साफ हो गया है कि ऐसा कुछ नहीं है, तो कंपनी के शेयर रेड जोन में पहुंच गए हैं.
आज आई इतनी गिरावट
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के हल्दीराम में हिस्सेदारी खरीदने को लेकर बुधवार को खबर सामने आई थी. इसके बाद Tata Consumer Products के शेयरों में तेजी देखने को मिली और ये 4 फीसदी से अधिक तक उछल गए. गुरुवार को टाटा समूह ने एक्सचेंज फाइलिंग में स्पष्ट किया कि हल्दीराम के साथ किसी डील पर बात नहीं हो रही है. इसके साथ ही कंपनी के शेयरों में नरमी शुरू हो गई. खबर लिखे जाने तक टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 2.53% की गिरावट के साथ 856.70 रुपए पर पहुंच गए थे.
क्या करती है टाटा कंज्यूमर?
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की बात करें, तो यह मुख्य रूप से चाय कंपनी है. इसके आपस ब्रिटिश चाय कंपनी टेटले (Tetley) पर मालिकाना हक है और भारत में Starbucks को चलाती है. कंपनी की आर्थिक सेहत पर नजर डालें, तो अप्रैल-जून 2023 में टाटा कंज्यूमर का रिवेन्यु सालाना आधार पर 12.44% बढ़कर 3,741 करोड़ रुपए पर पहुंच गया. इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 22.02% उछलकर 338 करोड़ और ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 1% बढ़कर 15 प्रतिशत पर पहुंच गया था.
Haldiram’s का है दबदबा
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यदि यह डील हो जाती, तो टाटा समूह को काफी फायदा मिल सकता था. क्योंकि Haldiram’s की बाजार पर मजबूत पकड़ है. एक रिपोर्ट के अनुसार, देश का नमकीन स्नैक मार्केट करीब 620 करोड़ डॉलर का है और इसमें हल्दीराम की हिस्सेदारी लगभग 13%. वहीं, लेज (Lays) चिप्स के लिए मशहूर पेप्सी की भी लगभग 13% हिस्सेदारी है. हल्दीराम के स्नैक्स केवल भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पसंद किए जाते हैं. कंपनी अपने उत्पाद सिंगापुर और अमेरिका भी भेजती है. Haldiram’s के पास लगभग 150 रेस्टोरेंट है जो क्षेत्रीय खाना, मिठाइयां और पश्चिमी खाना भी बेचते हैं.
टैग्स